न्यूज़लिंक हिंदी। यूपी में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, सीएम योगी आदित्यनाथ को प्रयागराज के एक युवक ने सोशल मीडिया पर बम से उड़ाने की धमकी दी।
उसने अपने अकाउंट पर लिखा कि योगी को वह पांच दिन के भीतर बम से उड़ा देगा। जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुआ, प्रयागराज पुलिस की साइबल सेल पर तुरंत एक्टिव हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। सीएम योगी को इससे पहले कई मौकों पर जान से मारने की धमकी भी दी जा चुकी है।
प्रयागराज के युवक की पहचान अनिरुद्ध पांडेय के रूप में हुई है। वह सराय इनायत के मलावा बुजुर्ग गांव का ही रहने वाला है। अनिरुद्ध झूंसी में स्थित एक निजी कॉलेज से एलएलबी सेकेंड इयर का छात्र है। पुलिस अफसरों का कहना है कि पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने फेमस होने के लिए केवल योगी को धमकी देने संबंधी पोस्ट किया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम लगाई गई थी। उसके लोकेशन सराय इनायत इलाके में मिली। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले प्रयागराज के एक ही एक अन्य युवक ने सीएम योगी पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की थी। उसका वीडियो वायरल होते ही खलबली मच गई थी।
युवक की पहचान शमीम उर्फ बबलू के रूप में हुई थी। इसी साल मार्च में लखनऊ के पुलिस कंट्रोल रूम में योगी को धमकी भरा फोन भी आया था। यह कॉल पुलिस कंट्रोल रूम के सीयूजी नंबर पर ही मुख्य रूप से आया था। इसके बाद कंट्रोल रूम में तैनात पुलिसकर्मी ने तुरंत धमकी वाले नंबर की शिकायत भी दर्ज कराई थी।

