न्यूज़लिंक हिंदी। राजधानी दिल्ली में मॉनसून की एंट्री में अभी थोड़ा वक्त है लेकिन शनिवार को बारिश और रविवार को भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश से तापमान में कमी आई है। मॉनसून की एंट्री के बीच आइए जानते हैं कि कल यानी सोमवार 24 जून के देश के इन राज्यों में कैसा मौसम रहेगा।
दिल्ली- एनसीआर में रविवार को सामान्य रूप से बादल छाए रहे और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री अधिक है।
उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियम के करीब रहने का पूर्वानुमान है। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता 67 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार और मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में आंधी के साथ बारिश होने का पूर्ण रूप से पूर्वानुमान है।
यूपी में प्री मॉनसून की एंट्री हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में मॉनसून का संभावित आगमन तय है। 24 जून से बरसात तेज होगी। 24 से 26 जून के बीच पूर्वांचल के कई जिलों में भारी बारिश होने की पूर्ण संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश होगी। वहीं बिहार में मॉनसून ने दस्तक दे दी है। 24 जून को सीतामढ़ी, मधुबनी, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, किशनगंज और अररिया जिले में तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में मॉनसून अधिकांश जिलों को संयुक्त रूप से कवर कर लेगा।
कर्नाटक के तटीय और दक्षिणी जिलों में अनेक स्थानों पर अगले चार दिनों के दौरान तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान है जिसके मद्देनजर मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी पूर्ण रूप से दी गयी है और रेड अलर्ट भी जारी किया गया है।

