केडीए की कीमती जमीन पर कब्जे की शिकायत, आस-पास के आवंटी बोले-ठग लिया गया

सचिव को क्षेत्रीय लोगों ने सौंपा ज्ञापन, कहा- पार्क की जमीन पर बन गई झोपड़ियां

0
85

जूही कला योजना के डब्ल्यू ब्लाक केशवनगर में केडीए की कीमती जमीन पर कब्जा हो गया। सोमवार को केडीए सचिव को स्थानीय लोगों ने कब्जा मुक्त कराने के लिए ज्ञापन सौंपा। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि करीब पांच हजार वर्ग मीटर जमीन पर कब्जा है। खाली कराने की जगह केवल नोटिस दिया जा रहा है। बस्ती की वजह से आस-पास के लोगों का जीना दुश्वार है।

सोमवार को क्षेत्रीय लोगों ने केडीए सचिव को बताया कि लाखों रुपये देकर भूखंड खरीदा था। खाली पड़ी जगह में पार्क विकसित करने की बात केडीए ने कही थी, लेकिन जमीन पर लोगों ने कब्जा करके झोपड़ियां बना दी, लेकिन अभी भी किराया वसूला जा रहा है। बताया कि डब्ल्यू ब्लाक जूही कला स्कीम द्वितीय में भूखंड संख्या 439, 439 बी और 440 में जमीन प्राधिकरण की है। केडीए ने अवैध अध्यासियों को खाली पड़े फ्लैट लेने का मौका भी दिया है।

इस मामले में जोन-2 के अधिशासी अभियंता द्वारा चार दिसंबर 2024 को पत्र भी जारी किया गया, लेकिन जनवरी बीत जाने के बाद भी अभी तक क्षेत्र में ध्वस्तीकरण अभियान नहीं चलाया गया है। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है। क्षेत्रीय लोगों ने केडीए सचिव को ज्ञापन सौंपकर जमीन खाली कराने की मांग उठाई। सचिव अभय कुमार पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। योजना से जुड़े दस्तावेज मंगवाकर जांच कराएगे। केडीए की जमीन है तो खाली करायी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here