न्यूज़लिंक हिंदी। खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जान से मारने की धमकी दी है। आतंकी पन्नू ने एक नया वीडियो जारी किया है, जिसमें उसने पंजाब के गैंगस्टरों को उससे संपर्क करने के लिए कहा है। साथ ही खालिस्तानी आतंकी ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर माहौल खराब करने की धमकी दी है।
बताया जा रहा है कि खालिस्तानियों और गैंगस्टर पर हो रही लगातार कार्रवाई से पन्नू समेत अन्य गैंगस्टर और खालिस्तानी समर्थक बौखला गए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान को दी गई धमकी इसी का उदाहरण है। बता दें कि पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर और खालिस्तानी आतंकियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपना रखी है और बीते कुछ समय से ताबड़तोड़ एक्शन देखे जा रहे हैं।
पन्नू ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के दिन माहौल खराब करने की चेतावनी दी है। उसने सीएम मान से कहा है कि वो जहां भी तिरंगा फहराएंगे, वहां माहौल खराब की तैयारी है। खालिस्तानी आतंकी ने सीएम मान को सजा देने की बात कहीं है। पन्नू इससे पहले भी कई बार देश को तोड़ने की धमकी दे चुका है।
पंजाब-हरियाणा के कई इलाकों में खालिस्तानी नारे लिखवाने में भी पन्नू का ही हाथ रहता है। इससे पहले पन्नू ने 13 दिसंबर को संसद पर हमले की धमकी दी थी। बता दें कि पन्नू मूल रूप से पंजाब के अमृतसर के खानकोट का रहने वाला है। फिलहाल वह अमेरिका और कनाडा का भी निवासी है। वह लगातार खालिस्तान की मांग के नाम पर वीडियो जारी कर पंजाब में अशांति फैलाने की कोशिश करता रहता है।

