न्यूज़लिंक हिंदी , राजस्थान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी ने बुधवार को कहा कि चुनावों में भाजपा इस बार पूर्ण बहुमत से सरकार बना रही है। रिवाज कायम रहेगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की गारंटियां चुनावी हैं। हमारी घोषणाएं कभी चुनावी नहीं होती। कांग्रेस जिन वादों के आधार पर चुनाव जीतकर सत्ता में आई थी, उसने वह पूरे नहीं किए हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और चित्तौड़गढ़ के सांसद सीपी जोशी से अमर उजाला डिजिटल के संपादक जयदीप कर्णिक ने विशेष बातचीत की , कांग्रेस जाएगी और भाजपा आएगी। यह राजस्थान की जनता ने तय कर लिया है। जिन वादों के आधार पर कांग्रेस 2018 में जीतकर आई, जनता उस पर टिकटिकी लगाए बैठी थी। क्या किसानों का कर्ज माफ किया? क्या बेरोजगारी भत्ता दिया क्या? क्या महंगाई रोकी? क्या महिलाओं पर अत्याचार रोके? कांग्रेस ने कहा था कि पांच साल बिजली के दाम नहीं बढ़ेंगे, क्या यह हुआ? राजस्थान की जनता ने देखा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पांच साल सिर्फ कुर्सी बचाते और भ्रष्टाचार करते नजर आए। भ्रष्टाचार का ऐसा तांडव राजस्थान की जनता ने कभी नहीं देखा। इसके लिए जनता ही नहीं, भाजपा ने भी आंदोलन किए। इनके कुनबे के लोग खुलकर कह रहे हैं कि पचास टका दिए बिना कोई काम नहीं होता। कितने ही विधायकों और मंत्रियों ने खुलकर यह कहा है। पेपर लीक के पाप में इनकी पार्टी के लोग शामिल रहे। स्पष्ट है कि पेपर लीक में आरपीसी का मेंबर हो, डॉ. जारोली हो, सुरेश ढाका को किसने बचाया, सलमान खुर्शीद को वकील किसने बनाया? गोपाल केसावद पैसे लेते पकड़ा गया। जिस अधिकारी ने उस पर भ्रष्टाचार की धारा लगाई, उसे हटाने का पाप इस सरकार ने किया है।
भाजपा सत्ता में आएगी तो इसकी वजह कांग्रेस सरकार की नाकामी होगी या पार्टी की गारंटियां?
सीपी जोशीः गारंटी हम चुनाव में आने के लिए नहीं दे रहे। 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हर गरीब का घर बनेगा। आजादी के बाद से 60 वर्षों में जितने मकान नहीं बने, उतने पिछले साढ़े नौ वर्ष में बने हैं। 60 साल में जितने गैस कनेक्शन नहीं दिए गए, जितने शौचालय नहीं बने थे, जितने लोगों के खाते नहीं खुले थे, उतने पिछले साढ़े नौ वर्ष में काम हुआ है। गहलोत ने कहा था कि किसानों का कर्ज माफ होगा। नहीं किया। मोदी सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य को लागत का डेढ़ गुना किया। किसान सम्मान निधि का पैसा दिया। प्रधानमंत्री सिंचाई योजना, बूंद-बूंद सिंचाई योजना लाए। नैनो यूरिया लाए। नीम कोटेड यूरिया लाए। किसान कल्याण के लिए कई काम किए।
सीपी जोशीः कांग्रेस के वादे चुनावी है। चुनाव के बाद क्या होगा? कर्नाटक में बिजली के हालात क्या है? वहां ओपीएस के क्या हाल है? कांग्रेस प्रदेश औऱ देश में 60 साल से थी, वह तो उज्जवला लेकर नहीं आए, हम लाए। उसके बाद आप कह रहे हो कि पांच सौ रुपये में सिलेंडर दोगे। उसमें भी मोदी सरकार 300 रुपये दे रही है। आप चुनाव के अंतिम छह महीने में एक-दो सिलेंडर देकर कह रहे हैं कि हमने आपका कल्याण कर दिया। अच्छा होता कि यह काम 2018 में शुरू करते। कोरोना के संकट में जब गरीब के घर में चूल्हा जलने का संकट था, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री अन्न धन योजना के तहत गरीबों को अनाज दिया। आज भी भेज रहे हैं। पांच साल और देंगे। चुनावी समय में वादे कर रहे हैं, और उसमें भी भ्रष्टाचार कर रहे हैं।