न्यूज़लिंक हिंदी। दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के ज्यादातर राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी और भयंकर लू चल रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में लू का रेड अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिनों में भीषण गर्मी की लहर चलने की संभावना है, कई इलाकों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है।
मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया, ‘उत्तर पश्चिम भारत में तापमान फिलहाल सामान्य से ज्यादा है। मौसम विभाग ने पिछले 2-3 दिनों में इस क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। राजस्थान में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
पंजाब और हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मामूली गिरावट के बाद तापमान धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री तक बढ़ जाएगा। उत्तर प्रदेश में भी अगले पांच दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है और उत्तरी मध्य प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
हेल्थ एक्सपर्ट्स ने लोगों को गर्मी से जुड़ी बीमारियों से बचने के लिए सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। एम्स, दिल्ली के प्रोफेसर डॉ. नीरज निश्चल ने बताया कि बढ़ते तापमान से मामूली चकत्तों और थकावट से लेकर हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।
डॉ. निश्चल ने कहा, ‘हमारा शरीर गर्मी सहने के लिए बना है, लेकिन जब वातावरण का तापमान बहुत बढ़ जाता है, तो शरीर की गर्मी निकालने की क्षमता कमजोर पड़ जाती है। इससे हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्या हो सकती है, जिसमें शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो जाता है और शरीर के कई अंग प्रभावित हो सकते हैं।’ प्रभाव को कम करने के लिए डॉक्टर घर के अंदर रहने, बार-बार तरल पदार्थ पीने और हल्के, हल्के रंग के कपड़े पहनने की सलाह देते हैं

