न्यूज़लिंक हिंदी। केडीए की वेबसाइट और ईमेल की जारी, जनता से मांगे सुझाव, नगर निगम और केडीए को डाक के जरिये भी भेज सकेंगे राय। केडीए की ओर से तैयार किये जा रहे सिटी डेवलपमेण्ट प्लान के सम्बन्ध में सांसद रमेश अवस्थी ने शनिवार को सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में तैयार किये गये सिटी डेवलपमेन्ट प्लान 2047 में कानपुर शहर के विभिन्न सरकारी विभागों एवं प्रमुख संस्थाओं से परामर्श लिया गया है। लेकिन, शहरवासियों से सुझाव नहीं लिये गये। उन्होंने कहा कि अगले 15 दिन तक जनता से भी सुझाव लिये जाएंगे। केडीए की वेबसाइट, ईमेल व डाक द्वारा लोग सुझाव दे सकेंगे।
कानुपर विज़न 2047 के अन्तर्गत प्राप्त सुझावों को सम्मिलित कर वर्ष 2051 तक कानपुर शहर के औद्योगिक एवं व्यवसायिक विकास हेतु निवेश क्षेत्रों का चिन्हांकन, प्रस्तावित रिंग रोड का विस्तार, नये अन्तर्राज्यीय बस अड्डा शहर में मेट्रो का विस्तार, पर्यटन की दृष्टि से बिठूर धाम का विकास के प्रस्ताव किये गये हैं।
सांसद ने कहा कि सिटी डेवलपमेन्ट प्लान में आम जनमानस के परामर्श और सुझावों को पुन प्राप्त किये जाने की कार्यवाही की जाये। सांसद ने ड्रेनेज सिस्टम के व्यवस्थित विकास पर विशेष रूप से प्रस्ताव को शामिल करे। उन्होंने सिटी डेवलपमेन्ट प्लान में प्रस्तावित परियोजनाओं को अल्प-कालिक (3-5 वर्ष), मध्य-कालिक (5-10 वर्ष) एवं दीर्घ-कालिक (10 वर्ष से अधिक) के रूप में विभाजित कर प्लान को तैयार किये जाने का सुझाव दिया।
5 अगस्त तक शहर की जनता दे सकेगी सुझाव
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि आम जनता 5 अगस्त तक अपने सुझाव दे सकेगी। कानपुर विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम कार्यालय में सुझाव पेटिका लगाई जायेगी। कानपुर विकास प्राधिकरण की वेबसाइट www.kdaindia.co.in और ई-मेल cdpkanpur@gmail.com के माध्यम से भी ऑनलाइन और नगर निगम व केडीए कार्यालय में डाक के माध्यम से फीड बैक देने का प्राविधान किया जायेगा। उन्होंने शहरवासियों से कानपुर विजन के अन्तर्गत सझाव देने की अपील की।

