न्यूज़लिंक हिंदी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धार्मिक स्थलों पर फिर लग गए लाउडस्पीकरों को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि फिर से प्रदेश में लाउडस्पीकर हटाओ अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि धर्मस्थलों पर अनावश्यक लगे लाउडस्पीकरों को उतारा गया था लेकिन उनके फिर से लगने की सूचना मिल रही है। सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन्स का उल्लंघन करने पर संबंधित पुलिस कप्तानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
योगी आदित्यनाथ ( Yogi Adityanath) ने शारदीय नवरात्र, दुर्गा पूजा, विजयादशमी, दशहरा, दीपावली व छठ पूजा के मौके पर सुरक्षा प्रबंधों को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक मुक्त पंडालों आदि के साथ त्योहारों को हर्षोल्लास और सौहार्द के साथ मनाए जाने के लिए सभी पुख्ता प्रबंध किए जाएं। धर्मस्थलों व शोभा यात्राओं में कहीं अश्लील गीत व कानफोड़ू डीजे नहीं बजना चाहिए। ऐसा हुआ तो एसएसपी व एसपी की जवाबदेही होगी।
मुख्यमंत्री योगी (CM Yogi) ने इस्राइल-फलस्तीन मामले में भड़काऊ बयान देकर उन्माद फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि त्योहारों के दौरान अराजक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं इसलिए सिपाही से लेकर कप्तान तक सड़कों पर अलर्ट रहें। विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गुरुवार को सभी डीएम और पुलिस कप्तानों से संवाद के दौरान योगी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर चल रहे इस्राइल-फलस्तीन विवाद में केंद्र सरकार के विचारों के विपरीत किसी तरह की गतिविधि स्वीकार नहीं की जाएगी।

