न्यूज़लिंक हिंदी। गुजरात यूनिवर्सिटी में अफगानिस्तान और उज्बेकिस्तान के विदेशी छात्रों से मारपीट का मामला सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि नमाज पढ़ने को लेकर इन छात्रों पर शरारती तत्वों द्वारा हमला किया गया। छात्रों पर लाठियों से हमला करना और गाड़ियों में तोड़फोड़ करना, ये सब यूनिवर्सिटी कैंपस में लगे कैमरे में कैद हुआ है। घायल छात्रों ने आरोप लगाए कि युवकों के एक ग्रुप ने उन्हें नमाज न पढ़ने के लिए दबाव डाला। घायल छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं, राज्य के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने कथित तौर पर गुजरात के शीर्ष पुलिस अधिकारियों से बात की है और उन्हें आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
नमाज पढ़ने के लिए जमा हुए छात्र
छात्रों ने कहा है कि परिसर में कोई मस्जिद नहीं है, इसलिए वे रमजान के दौरान रात में पढ़ी जाने वाली नमाज तरावीह पढ़ने के लिए छात्रावास के अंदर जमा हुए थे। छात्रों ने आरोप लगाया है कि लाठियों और चाकुओं से लैस एक भीड़ ने छात्रावास पर धावा बोल दिया। छात्रों पर हमले किए गए और कमरों में तोड़फोड़ की गई। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल के सुरक्षा गार्ड ने भीड़ को रोकने की कोशिश की, लेकिन वो असफल रहे।
ये भी पढ़े : IPL 2024: RCB फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी, IPL से पहले हुई विराट की वापसी, लंदन से वापस लौटे भारत
छात्रों ने दूतावास को किया सूचित
छात्र ने कहा कि पांच घायल छात्रों में अफगानिस्तान, श्रीलंका और तुर्कमेनिस्तान से एक-एक और अफ्रीकी देशों से दो छात्र शामिल हैं। घटना के आधे घंटे बाद पुलिस पहुंची। तब तक भीड़ भाग चुकी थी। घायल छात्र अस्पताल में हैं और उन्होंने दूतावासों को सूचित कर दिया है।

‘एक हमलावर की पहचान हुई’
गुजरात विश्वविद्यालय में अज्ञात हमलावरों द्वारा विदेशी छात्रों पर हमले के बाद अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त जीएस मलिक ने बताया, “यूनिवर्सिटी में करीब 300 विदेशी छात्र पढ़ते हैं। छात्रों में ज्यादातर अफ्रीका से हैं कुछ अफगानिस्तान श्रीलंका और बाकी देशों से भी हैं। A बलॉक में लगभग 75 विदेशी छात्र रहते हैं। जहां रात को करीब 10:30 बजे छात्र नमाज पढ़ रहे थे। तभी वहां 20 से 25 लोग आए। उन्होंने कहां कि यहां क्यों नमाज पढ़ रहे हो, मस्जिद में नमाज पढ़नी चाहिए। इस पर उनकी कुछ बहस हुई।
ये भी पढ़े : न्याय संकल्प पदयात्रा में BJP पर बरसे राहुल गांधी, ‘जब भारत मोहब्बत का देश, तो क्यों फैलाई जा रही नफरत…’
फिर बाहर से आए लोगों ने पत्थर फेंके, कमरों में तोड़ फोड़ की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। हमने 20-25 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। जो भी लोग मामले में शामिल हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एक हमलावर की पहचान हो गई है बाकियों की भी शिनाख्त की जाएगी। कानून व्यवस्था की स्तिथि नियंत्रण में है….घटना में घायल 2 लोग अस्पताल में हैं। एक छात्र श्रीलंका और एक तजाकिस्तान से है।”

सोशल मीडिया X पर ओवैसी का पोस्ट.
घटना को लेकर एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने भी सोशल मीडिया X पर वीडियो का पोस्ट शेयर किया है। पोस्ट में उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी टैग किया है।

