न्यूज़लिंक हिंदी। मकान को खाली कराने के लिए धमका रहे लोगों के खिलाफ पुलिस की तरफ से कोई भी कार्रवाई नहीं होने पर असमोली थाना क्षेत्र के गांव मनोटा निवासी किशोरी पाल 60 साल ने शुक्रवार सुबह जहर खा लिया। बुजुर्ग की अलीगढ़ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
इसमें वह कहते सुनाई दे रहे हैं कि पुलिस ने उनकी सुनवाई नहीं की। आरोपी पक्ष जान से मारने की धमकी दे रहा था। यदि घर खाली हो गया तो वह और उनके बच्चे कहां जाएंगे। बुजुर्ग के बेटे का कहना है कि उनके पिता ने कार्रवाई नहीं होने से आहत होकर जहरीले पदार्थ का सेवन किया था ।
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है। मृतक के बेटे नीपू पाल ने बताया कि वर्ष 2022 के अक्तूबर में उन्होंने अपनी पुश्तैनी जमीन बेचकर मनोटा में दो बीघा जमीन चंदवार के एक व्यक्ति से 38 लाख में खरीदी थी। जमीन का बैनामा हो गया लेकिन दाखिल खारिज के समय पूर्ण रूप से आपत्ति लगा दी।
बताया कि जिस व्यक्ति से दो बीघा जमीन खरीदी है उसकी वहां नौ बीघा जमीन और है। जिसको 30 दिसंबर 2023 को मुरादाबाद निवासी एक शिक्षक को भी बेच दिया था। शिक्षक ने अपने रिश्तेदार के नाम बैनामा कराया है। अब शिक्षक लगातार दबाव बना रहा था कि वह दो बीघा जमीन छोड़कर दूसरे किसी हिस्से में दो बीघा जमीन ले लें।
जब ऐसा करने से मना किया तो शिक्षक ने माफिया लोगों को भेजकर धमकी दिलानी शुरू कर दी। पुलिस में शिकायत की तो सुनवाई नहीं हुई। मृतक के बेटे का कहना है कि उसके पिता इसको लेकर ही काफी परेशान थे। इसलिए उन्होंने जहरीले पदार्थ का सेवन कर के अपनी जान दे दी। बताया कि तीन जनवरी को भी थाने में बुलाया गया था।
थाना पुलिस ने उनकी सुनवाई करने के बजाए दूसरे पक्ष का ही समर्थन किया। जबकि जमीन पहले हमने खरीदी थी और घर भी बना लिया है। दूसरे पक्ष ने 30 दिसंबर 2023 को जमीन खरीदी है। इसलिए वह जमीन के उस हिस्से को क्यों छोड़ दें जहां पर घर बना हुआ है। थाना प्रभारी हरीश कुमार का कहना है कि उन्हें बुजुर्ग की मौत की सूचना मिली है लेकिन जमीन को लेकर विवाद की जानकारी मेरे पास नहीं है।

