न्यूज़लिंक हिंदी। पीएम मोदी पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं। पीएम ने बुधवार को उत्तर 24 परगना के बारासात में एक रैली कर ममता बनर्जी पर जबरदस्त हमला बोला। उन्होंने संदेशखाली मामले में भी टीएमसी सरकार को जमकर घेरा। साथ ही प्रधानमंत्री ने संदेशखाली की पीड़ित महिलाओं से मुलाकात भी की। इस दौरान पीड़ित महिलाओं ने प्रधानमंत्री को आपबीती सुनाई और प्रधानमंत्री मोदी ने संयम के साथ पीड़िताओं की बात सुनी। पीड़ित महिलाएं पीएम मोदी से मिलकर भावुक हो गईं क्योंकि एक पिता की तरह प्रधानमंत्री ने पीड़ित महिलाओं के दर्द को समझा और ध्यान से उनकी व्यथा सुनी।

पीड़ित महिलाओं से मिले पीएम
संदेशखाली से कुछ पीड़ित महिलाएं बारासात की रैली में आई थीं। जनसभा खत्म होने के बाद पीएम ने पीड़िताओं से मुलाकात की है। बता दें कि संदेशखाली में टीएमसी नेताओं पर महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं।
ये भी पढ़े : CAA लागू कराने के लिए UP पुलिस तैयार, DGP प्रशांत कुमार ने दिया बयान, बोले- हमारे पास डंडा भी है और डेटा भी
महिलाओं ने अपनी पीड़ा बताई
राज्य बीजेपी के महासचिव अग्निमित्रा पॉल ने अधिक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंत्री मोदी ने संदेशखाली की कुछ महिलाओं से मुलाकात की है। महिलाओं ने उन पर हुए अत्याचारों के बारे में बताया।
रैली में टीएमसी सरकार पर जमकर बरसे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने रैली के दौरान भी राज्य की टीएमसी सरकार पर निशाना साधा और संदेशखाली की घटना पर कहा कि बंगाल की ये भूमि नारीशक्ति की बहुत बड़ी प्रेरणा केंद्र रही है, लेकिन इसी धरती पर टीएमसी के राज में नारीशक्ति के खिलाफ घोर पाप हुआ। संदेशखाली में जो कुछ भी हुआ, उससे किसी का भी सिर शर्म से झुक जाएगा, लेकिन टीएमसी सरकार को आपके दुख से कोई फर्क नहीं पड़ता।
टीएमसी सरकार महिलाओं के गुनहगारों को बचाने में पूरी शक्ति लगा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि नारीशक्ति के आक्रोश का ये ज्वार संदेशखाली तक सीमित नहीं रहने वाला। तुष्टिकरण और टोलाबाजों के दबाव में काम करने वाली टीएमसी सरकार कभी भी बहन-बेटियों को सुरक्षा नहीं दे सकती।

