न्यूजलिंक हिंदी । दिल्ली के आबकारी घोटाला (Delhi Excise Policy Case) मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह (AAP Sanjay Singh Arrested) को गिरफ्तार किया है। ईडी ने संजय सिंह के दिल्ली वाले घर में बुधवार सुबह 7 बजे से छापा मारा था। यहां से कई दस्तावेज जब्त किए गए थे। लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने बुधवार शाम करीब 5:30 बजे संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आबकारी नीति केस की चार्जशीट में संजय सिंह का भी नाम है। इस केस में मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) फरवरी से ही जेल में हैं।
ये भी पढ़े: सिक्किम में बादल फटने के कारण आई बाढ़, कई जगहों पैर टूटी सड़कें, 23 जवान लापता, सर्च ऑपरेशन जारी

राघव बोले- ED को कोई सबूत नहीं मिला
AAP सांसद नेता राघव चड्ढा ने कहा- पिछले पंद्रह महीनों से भाजपा AAP कार्यकर्ताओं पर शराब घोटाले का आरोप लगा रही है। पिछले 15 महीनों में उसने ED और CBI से 1000 स्थानों पर छापे मारे हैं। किसी भी एजेंसी को एक भी पैसा नहीं मिला। यह हताश बीजेपी है जो आगामी चुनाव हारने वाली है, इसलिए वे डर के मारे ऐसा कर रहे हैं। संजय सिंह के घर मारे गए छापे में भी ED को एक भी पैसा नहीं मिला होगा, उन्हें कोई सबूत नहीं मिला, क्योंकि जब कोई घोटाला नहीं हुआ तो क्या मिलेगा।
ईडी का क्या है आरोप?
ईडी ने अपने आरोप पत्र में दिल्ली स्थित व्यवसायी दिनेश अरोड़ा का उल्लेख किया है, जिन्हें दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में आरोपी के रूप में नामित किया गया था। दिनेश अरोड़ा ने सरकारी गवाह बनने की सहमति जताई है। आरोप है कि अरोड़ा ने संजय सिंह की मौजूदगी में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ उनके आवास पर बैठक की। अरोड़ा ने कहा कि एक कार्यक्रम के दौरान उनकी संजय सिंह से मुलाकात हुई थी। संजय सिंह से मुलाकात के बाद वह दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के भी संपर्क में आए। यह कार्यक्रम दिल्ली चुनाव से पहले धन जुटाने के लिए आयोजित किया गया था।

अरविंद केजरीवाल का निशाना
ED की कार्रवाई को लेकर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा- इस केस में 1000 रेड पड़ चुकी हैं। संजय सिंह के घर पर कुछ नहीं मिलेगा। 2024 के चुनाव आ रहे हैं और वे जानते हैं कि वे हारेंगे। ये उनकी हताशा भरी कोशिशें हैं। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा, ED, CBI जैसी सभी एजेंसियां सक्रिय हो जाएंगी। संजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई को आप ने राजनीतिक बताया है। संजय सिंह की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा कि बीजेपी वालों का डर ना जाने उन्हें और कितना गिराएगा…चुनाव के पहले, INDIA से इनके हारने की बौखलाहट साफ़ दिख रही है।
ये भी पढ़े: NewsClick Case: प्रबीर पुरकायस्थ और HR को पटियाला कोर्ट में किया जाएगा पेश, जाने 25 सवालों का राज

संजय सिंह पर हैं ये आरोप?
ED की चार्जशीट में संजय सिंह पर 82 लाख रुपये का चंदा लेने का जिक्र है। इसको लेकर ही ED ने बुधवार को उनके घर पर छापा मारा था। इस बीच, दिल्ली में बीजेपी ने AAP के ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया। भाजपा के कार्यकर्ता ‘अब तो ये स्पष्ट है, केजरीवाल भ्रष्ट है’, नारे वाले पोस्टर लेकर सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारियों की मांग है केजरीवाल को सीएम पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

