न्यूज़लिंक हिंदी। रूस में बैठकर युवक ने पत्नी के 5.40 लाख रुपये हड़पे। देश वापस लौटकर दो लाख रुपये और देने की मांग की। विरोध करने महिला को गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की । पीड़िता ने महिला थाने में पति पुष्पेंद्र सिंह, सास रेश्मावती, जेठ सुधींद्र और ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गंगानगर के राजेंद्रपुरम निवासी शैलिका चौहान की शादी वर्ष 2017 में राजस्थान के उदयपुर में मातेश्वरी कॉलोनी निवासी पुष्पेंद्र के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। ससुरालियों ने पति के कारोबार और उच्च शिक्षा के लिए रूस जाने को 10 लाख की मांग की।
पति उसे गुरुग्राम में किराये के मकान में छोड़कर रूस चला गया। वह अपने माता-पिता के साथ मायके आ गई। पत्नी और जेठ ने उससे 10 लाख का लोन लेने का आग्रह किया। यह भी कहा कि यदि रुपयों का इंतजाम नहीं हुआ तो वह कभी भारत नहीं लौट पाएगा।
शैलिका ने बैंक से 5.40 लाख रुपये का पर्सनल लोन ले लिया। सारा पैसा पति ने अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिया। कुछ किश्तों की अदायगी के बाद उसने किश्त देना बंद कर दिया। पीड़ित को अभी भी किश्तें चुकानी पड़ रही हैं।
बीती 24 अगस्त को पति भारत आया तो वह अगले दिन गुरुग्राम के होटल में मिलने पहुंची। पति ने उससे रूस वापस जाने के लिए दो लाख रुपये की मांग और कर डाली। वह अगले दिन अपने घर वापस आ गई। कुछ देर बाद पति उसके घर पहुंचा और फिर से दो लाख की मांग दोहराई।
विरोध करने पर पति ने उसे साथ रखने से इन्कार कर दिया। गाली-गलौज करते हुए दुपट्टे से उसका गला घोट दिया। शोर सुनकर उसके परिजन आए तो पति जान से मारने की धमकी देते हुए चला गया। इस मामले में एफआईआर दर्ज हो गई है। आगे की कार्रवाई कराई जा रही है।

