न्यूज़लिंक हिंदी। मौसम विभाग ने दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र से लेकर साउथ के राज्यों में अगले पांच दिनों तक बारिश की चेतावनी संयुक्त रूप से जारी की है। दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में शुक्रवार शाम धूल भरी आंधी और हल्की बारिश भी हुई।
मौसम विभाग ने शनिवार को भी हल्की बारिश के आसार जताए हैं। देखिए देशभर में मौसम का क्या अपडेट है। मौसम विभाग ने दिल्ली में शुक्रवार देर शाम धूल भरी आंधी चलने और हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान किया है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में देर शाम 50 से 60 किलोमीटर रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने के साथ-साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी ने कहा कि एक नये पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण शहर के मौसम में बदलाव आया है। मौसम विभाग ने शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और धूल भरी आंधी चलने या गरज के साथ छींटे पड़ने और हल्की बारिश होने का पूर्ण अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने राजस्थान के चार संभागों में शुक्रवार को 50-60 किलोमीटर की रफ्तार से धूल भरी आंधी आने की चेतावनी दी है। राज्य के अनेक हिस्सों में गुरुवार शाम भी तेज अंधड़ आया था जिससे अनेक जगह बिजली के खंभों आदि को नुकसान पहुंचा।
मौसम केंद्र जयपुर ने एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जोधपुर, बीकानेर, अजमेर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद तीव्र मेघ गर्जन, 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने व बारिश होने की संभावना भी जताई है।
इस दौरान पश्चिमी राजस्थान में आंधी के साथ कहीं-कहीं बारिश, वज्रपात व ओलावृष्टि होने की संभावना है। इसके अनुसार नए मौसमी तंत्र का प्रभाव 8-9 जून को भी बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, अजमेर भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में बादलों की गरज, आंधी व हल्की बारिश के रूप में जारी रहेगा।

