न्यूज़लिंक हिंदी। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में दिनदहाड़े हत्या कर दी गई, गोगामेड़ी के साथ-साथ उनके बॉडीगार्ड को भी गोलियां मारी गईं। महज 18 सेकेंड में 17 गोलियां चलीं और हत्याकांड को अंजाम दे दिया गया।
हत्याकांड को जयपुर के श्यामनगर थाना क्षेत्र में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के घर पर ही अंजाम दिया गया, राजस्थान विधानसभा चुनाव के नतीजे अभी आए ही थे कि जयपुर में इतने बड़े हत्याकांड को अंजाम दे दिया गया। इस बीच लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गैंगस्टर रोहित गोदारा ने जिम्मेदारी ली है।
सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में करणी सेना ने आज राजस्थान बंद बुलाया है,सर्व समाज और व्यापारी वर्ग ने भी इस बंद का समर्थन किया है। बंद को लेकर पुलिस महकमा भी अलर्ट पर है। इस हत्याकांड के बाद राजस्थान के अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन भी हुआ था।
वहीं, व्यापारी समाज ने पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग भी की है, वहीं श्रीराजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने कहा है कि जब तक एनकाउंटर नहीं होगा, तब तक ना तो सुखदेव सिंह गोगामेड़ी का शव लिया जाएगा, ना ही नई सरकार का शपथ ग्रहण होने दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने सवाल उठाया है कि बार-बार सुरक्षा की मांग करने के बाद बावजूद सुरक्षा नही दी गई?
डीजीपी उमेश मिश्रा ने गोगामेड़ी हत्याकांड की सघन जांच के लिए एसआईटी गठित की है। एडीजी क्राइम दिनेश एनएम के पर्यवेक्षण में एसआईटी गठित की गई है। गोगामेड़ी हत्याकांड के दोनों अभियुक्तों की पहचान हुई। एफआईआर दर्ज होते ही दोनों अभियुक्तों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित होगा।
सुखदेव सिंह गोगामेड़ी केस में हिरासत में लिए गए हैं दो लोग
सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेने की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि दोनों लोगों को मकराना के आसपास डिटेन किया गया है। हालांकि, पुलिस अभी आधिकारिक पुष्टि करने से बच रही है। पुलिस की कोशिश पहले शिनाख्त करने की होगी।

