न्यूज़लिंक हिंदी। नवंबर महीने की शुरुआत महंगाई के साथ हो गई है। देश भर में गैस सिलेंडर के दाम में जोरदार बढ़ोतरी हुई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में एक बार फिर तगड़ा इजाफा कर दिया है। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 100 रुपये से ज्यादा बढ़ गए हैँ। हालांकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 101.50 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की ये नई दरें आज यानी 1 नवंबर, 2023 से लागू हो चुकी हैं।
ये भी पढ़े : Karwa Chauth 2023: बादल में धुंध के कारण अगर नहीं दिख रहा चांद, तो ऐसे खोलें व्रत
अब एक सिलेंडर की कीमत इतनी
IOCL की वेबसाइट के मुताबिक, आज से 19 किलोग्राम वाला वाला कॉमर्शियल LPG Cylinder राजधानी दिल्ली में 1,833 रुपये से मिलेगा, जो कि पहले 1731 रुपये में मिल रहा था। अन्य महानगरों की बात करें तो मुंबई में इसकी कीमत बढ़कर 1785.50 रुपये हो गई है, जो पहले 1684 रुपये का था। वहीं कोलकाता में 1839.50 रुपये की जगह अब 1943.00 रुपये का बिकेगा, तो वहीं चेन्नई में इसकी कीमत 1999.50 रुपये हो गई है, जो अब तक 1898 रुपये थी।
महीने भर में इतने बढ़ गए दाम
एक ओर जहां बीते महीने सरकार ने 14 किलोग्राम वाले रसोई गैस सिलेंडर पर राहत दी, तो वहीं पेट्रोलियम कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में महीने भर में 300 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी कर महंगाई बम फोड़ा है। पहली अक्टूबर को कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम करीब 209 रुपये तक बढ़ाए गए थे और एक महीने बाद 1 नवंबर को इसमें और इजाफा किया गया है। कोलकाता में सिलेंडर के दाम में सबसे ज्यादा 103.50 रुपये की तेजी दर्ज की गई है।

