न्यूज़लिंक हिंदी। 25 फरवरी 2023 को हुए उमेश पाल हत्याकांड मामले में माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद और उमर को भी आरोपी बनाया गया है। धूमनगंज पुलिस ने जेल में बंद अली और उमर को वारंट बी तामील करवाया है। इसके बाद अब उमर और अहमद को कोर्ट में पेश किए जाने के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
बता दें कि अतीक का बड़ा बेटा उमर लखनऊ जेल में बंदल है जबकि दूसरा बेटा अली, प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल में बंद है। सूत्रों के अनुसार नैनी जेल में बंद अतीक के बेटों ने कोर्ट में पेश होने को लेकर अपनी सुरक्षा के तगड़े इंतजाम करने की गुजारिश की है।
गौरतलब है कि प्रयागराज में पुलिस सुरक्षा में मेडिकल परिक्षण के लिए ले जाये जाने के दौरान अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनके हत्यारोपी फिलहाल जेल में हैं और मामला अदालत में चल रहा है।
बताते चलें कि साल 2023 में 24 फरवरी को उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की हत्या गोलियां और बम मारकर कर दी गई थी। इस हत्याकांड में शामिल कई लोगों को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था। जबकि अतीक की पत्नी शाइस्ता और हत्या में शामिल गुड्डू बमबाज की अभी भी पुलिस को तलाश है।

