न्यूज़लिंक हिंदी। उन्नाव के सफीपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में एक चौकाने वाला मामला सामने आया, शादी में खीर खाने से सैकड़ों लोगों की हालत खराब हो गई।
दरअसल अबरार नाम के शख्स के घर पर शादी थी, घराती और बाराती दोनों ही तरफ के लोगों के लिए खीर का इंतजाम किया गया था। लोगों के लिए खाने में खीर बनी लेकिन जैसे ही लोगों ने खीर खाई। उसके कुछ देर बाद एक-एक कर बीमार होने लगे। खीर खाने के बाद ज्यादातर लोगों को पेट दर्द, उल्टी, दस्त की शिकायत देखने को मिली।
तबीयत खराब होने पर लोगों को आसपास के सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में इलाज के लिए तुरंत भर्ती कराया गया, जहां पर डॉक्टरों ने लोगों का इलाज किया। हालांकि राहत की बात ये है कि इलाज के बाद ज्यादातर लोग ठीक होकर अपने-अपने घर चले गए लेकिन कुछ लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती है। अस्पताल में भर्ती असलम और रिजवान ने बताया कि हम लोग शादी में शामिल होने के लिए आए थे।
लोगों ने बताया कि शादी में हम लोगों ने खीर खाई, उसके बाद ही हम लोगों की तबीयत खराब हो गई और धीरे-धीरे लोग बीमार होते गए। रिजवान और असलम ने कहा कि हो सकता है कि खीर में डाला गया खोया खराब रहा हो, जिसकी वजह से खीर भी खराब हो गई हो। इसके बाद लोगों के बीमार होने की जानकारी पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों के इलाज का इंतजाम भी किया।

