न्यूज़लिंक हिंदी, इटावा। सैफई मेडिकल कॉलेज की एएनएम छात्रा का शव गुरुवार रात सड़क के किनारे से बरामद किया गया। घटना की जानकारी होते ही मेडिकल कॉलेज के छात्र समेत परिजन भी आक्रोशित हो गए। अब इस मामले में सपा नेता अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा है कि सैफई यूनिवर्सिटी में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई छात्रा की मौत अत्यंत गंभीर विषय है। ये उप्र में भाजपा के समय अपराध के खिलाफ जीरों टॉलरेंस की घोषित नीति के जीरो हो जाने का एक और बेहद दुखद उदहारण है।
इस कथित हत्या की न्यायिक जांच हो, जिससे बीएचयू और सैफई विवि जैसी घटनाओं में लिप्त लोगों का सच सामने आ सके और सरकार चाहकर भी उनको न बचा सके। भाजपा सरकार नारी का न मान बचा पा रही है और न उसकी जान।
आपको बता दें कि छात्रा के पोस्टमार्टम के बाद सुबह शव के औरैया पहुंचते ही चीख पुकार मच गई। काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मृतका के घर पर जमा हो गई। इस बीच घटना से आक्रोशित लोग शव उठाने को लेकर मौके पर डीएम और एसपी को बुलाने की जिद पर अड़े हुए हैं। आक्रोशित लोग जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। उधर घटना में नामजद एक आरोपी महेंद्र को कुदरकोट थाना पुलिस ने कार समेत गिरफ्तार कर लिया है।
पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह शव के घर पहुंचते ही चीख पुकार मच गई। मृतका की मां यह कहते-कहते फफक रो पड़ी कि मैंने अपने बच्चे कैसे-कैसे पाले हैं, हम ही जानते है।
एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि छात्रा अपना मोबाइल सहेली को देकर महेंद्र नामक युवक के साथ शाम को हॉस्टल से बाहर गई थी। इसके बाद करीब साढ़े सात बजे उसका शव वैदपुरा क्षेत्र में रोड पर पड़ा मिला। छात्रा हत्या की गई या फिर और कोई अनहोनी हुई है। इसकी छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां शव मिला, वहां खून नहीं था। इसलिए, आशंका है कि वारदात को कहीं और अंजाम देकर शव यहां फेंका गया है। एसएसपी के अनुसार सहेली से भी पूछताछ की गई है।
ये भी पढ़ें : Karnataka: पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ पुलिस में दर्ज किया FIR, नाबालिग लड़की ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप

