UP Crime:कलयुगी बेटा बना शैतान गोली मारकर की पिता की हत्या, कूड़े के ढेर में शव फेंक मां के साथ फरार

0
328

न्यूज़लिंक हिंदी। मां की ममेरी बहन से शादी करने और संपत्ति विवाद को लेकर पहली पत्नी व बेटे ने ट्रांसपोर्ट व्यवसायी को पहले घर पर बुला कर फिर पेट, गर्दन व सिर पर गोलियां मारकर हत्या कर दी। शव को घर के बाहर कूड़े के ढेर पर फेंककर मां-बेटे घर में ताला बंदकर फरार हो गए ।

रविवार को सुबह शव मिलने पर सनसनी फैल गई। दूसरी पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने पहली पत्नी व बेटे के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। कानपुर नगर के महाराजपुर क्षेत्र के गांव भदासा निवासी 45 वर्षीय पवन कुमार यादव ट्रांसपोर्टर थे। उनके पास तीन ट्रक भी थे।

उन्होंने पहली शादी सदर क्षेत्र के अजीतनगर गांव निवासी नीलम से की थी। नीलम से एक बेटा और तीन बेटियां हुईं। वर्ष 2009 में पवन ने पत्नी नीलम की ममेरी बहन जमुना से नजदीकी बढ़ा ली। नीलम ने इसका विरोध किया और पति पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा भी दर्ज करवा  दिया। पुलिस ने पवन को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

कुछ माह बाद पवन जेल से छूटा और पत्नी से तलाक का मुकदमा कर दिया। कोर्ट ने गुजारा भत्ता के रूप में पत्नी नीलम और बेटे को हर माह छह-छह हजार रुपये देने और तीन बेटियों को अपने साथ रखने का भी आदेश दिया था।

कोर्ट के फैसले को स्वीकार करते हुए पवन ने पहली पत्नी नीलम व उसके बेटे प्रदीप उर्फ भूरा को रामनगर स्थित मकान में रखा और तीन बेटियों को अपनी मां गुलाबदेई के पास गांव भेज दिया। वर्ष 2010 में पवन ने जमुना से शादी कर ली।

शिवनगर में एक और मकान बनवाया और जमुना को लेकर रहने लगा। दूसरी पत्नी से एक बेटा कुनाल और बेटी शालू है। उधर पहली पत्नी से जन्मा बेटा प्रदीप उर्फ भूरा गलत संगत में पड़कर बिगड़ गया। आए दिन संपत्ति को लेकर पिता से विवाद करने लगा। कई बार जान से मारने की धमकी भी दी।

पवन के छोटे भाई पंकज ने बताया कि पवन के पास एक बाइक थी। प्रदीप जबरन बाइक अपने घर ले गया था। शनिवार को प्रदीप ने बाइक की आरसी ले जाने की बात पिता से कही। शाम करीब सात बजे पवन उसके घर रामनगर पहुंचे।

रविवार सुबह करीब सात बजे उनका शव घर के बाहर पांच मीटर दूर कूड़े के ढेर के पास पड़ा मिला। सिर व गले के अलावा पेट में गोलियों के निशान मिले। रामनगर में ही किराए का कमरा लेकर रहने वाले पवन के साले की पत्नी काजल ने शव की पहचान की। पुलिस ने जमुना को जानकारी दी और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सीओ सिटी आशुतोष कुमार ने बताया कि जमुना की तहरीर पर नीलम व उसके बेटे प्रदीप उर्फ भूरा पर हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश की जा रही है। उसके आधार पर आगे की कारवाही की जाएगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार पवन को 15 बोर के तमंचे से चार गोलियां मारी गईं। इसमें दो गोली गर्दन में और दो पेट में दाहिनी और बाईं ओर से मारी गईं। पीछे से गर्दन में दागी गई एक गोली सीने से निकली, जो कपड़ों में फंस गई। इसे पुलिस ने बरामद किया, जबकि गर्दन में ही दूसरी गोली फंसी मिली।

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here