न्यूज़लिंक हिंदी। शाहजहांपुर जिले में शुक्रवार यानी आज सुबह सड़क हादसा हो गया। बता दे कि रामलला दर्शन करने अयोध्या जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गड्ढे में पलट गई। वहीं इस हादसे में 15 से अधिक कार्यकर्ता घायल बताए गए हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
चालक का नियंत्रण खो बैठा, बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई
जानकारी के मुताबिक बदायूं जिले के दातागंज से भाजपा कार्यकर्ताओं की बस शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे अयोध्या के लिए रवाना हुई थी। बताया गया कि बस में 40 से अधिक लोग सवार थे।
शाहजहांपुर जिले के थाना जैतीपुर के गांव मानपुर नगरीय-नवादा मोड़ के बीच चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस पहुंच गई।
जानकारी अनुसार कुंवरगांव के वनगढ़ गांव निवासी भाजपा के बूथ अध्यक्ष हरवंश शाक्य के नेतृत्व में यह बस अयोध्या जा रही थी। निजी बस में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सवार थे। दातागंज में भाजपा जनप्रतिनिधियों ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
जानकारी मिलते ही पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस जांच में जुट गई है। हादसे से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
ये भी पढ़ें : केजरीवाल सरकार ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा- चाहे गिरफ्तार कर लो, हम कांग्रेस के साथ गठबंधन से पीछे नहीं हटेंगे

