UP News: प्रियंका का अखिलेश को फोन, तय हुआ गठबंधन, कांग्रेस 17 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

बुधवार को शाम पांच बजे लखनऊ में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस हो सकती है। इसमें कांग्रेस से अविनाश पांडे और समाजवादी पार्टी से प्रदेश अध्यक्ष और राजेन्द्र चौधरी रहेंगे।

0
301

न्यूज़लिंक हिंदी, उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन लगभग तय हो गया है। कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है बशर्ते समाजवादी पार्टी उसे श्रावस्ती और लखीमपुर खीरी सीट दे दे। सूत्रों के मुताबिक, सपा के साथ गठबंधन में प्रियंका गांधी ने अहम भूमिका निभाई। प्रियंका ने अखिलेश से फोन पर बात की, जिसके बाद ही गठबंधन फाइनल हो सका।

बृहस्पतिवार को अंतिम होगा फैसला
सूत्रों का कहना है कि समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और कांग्रेस हाई कमान के बीच बुधवार सुबह सीटों को लेकर एक बार फिर बातचीत हुई है। कांग्रेस ने 17 सीट पर चुनाव लड़ने पर सहमति भी जताई है लेकिन कांग्रेस चाहती है कि लखीमपुर खीरी और श्रावस्ती सीट उसे दी जाए। इसके एवज में वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बुलंदशहर सीट छोड़ने को तैयार हैं। सूत्रों का कहना है कि इस प्रस्ताव पर समाजवादी पार्टी ने विचार कर बृहस्पतिवार को अंतिम फैसला सुनाने की बात कही है।

बता दे कि कांग्रेस ने अखिलेश की दी हुई सीटों पर आखिर में दो बदलाव मांगे थे।पहला- हाथरस सपा को वापस देकर सीतापुर दी जाए। सपा ने कांग्रेस की इस मांग को मान लिया। वहीं, दूसरा बुलंदशहर या मथुरा में से एक सीट सपा ले ले और कांग्रेस को श्रावस्ती दे दें।

अखिलेश ने श्रावस्ती देने पर सहानुभूति पूर्वक विचार करके शाम तक जवाब देने को कहा है। इसके बाद ही दोनों नेता (अखिलेश और प्रियंका) सहमत हो गए और गठबंधन पर मुहर लग पाई।

प्रियंका चाहती थीं कि मुरादाबाद में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से पहले गठबंधन पर बात बन जाए। 24 फरवरी को यात्रा दोबारा मुरादाबाद से शुरू हो रही है। प्रियंका भी इसमें शामिल होने जा रही हैं।

गठबंधन को लेकर आज होगा प्रेस कॉन्फ्रेंस
आज यानी बुधवार को शाम पांच बजे लखनऊ में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस हो सकती है। इसमें कांग्रेस से अविनाश पांडे और समाजवादी पार्टी से प्रदेश अध्यक्ष और राजेन्द्र चौधरी रहेंगे।

सपा ने यूपी की 80 लोकसभा सीट पर 31 उम्मीदवार घोषित किये
बता दे कि सपा ने बीते कल यानी मंगलवार को प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी की थी। सपा की पहली सूची 30 जनवरी को सामने आई थी। जिसमें 16 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई थी। इसके बाद 19 फरवरी को दूसरी और 20 फरवरी को तीसरी सूची जारी की। वहीं सपा ने अब तक यूपी की 80 लोकसभा सीट पर 31 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें : UP News: दुल्हनियां को हेलीकॉप्टर पर विदा कराकर ले गए दूल्हे राजा, सेल्फी के चक्कर में उमड़ पड़ा गांव, पुलिसबल तैनात

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here