न्यूज़लिंक हिंदी। अमेरिका के लॉस एंजेलेस में एक अश्वेत महिला ने घरेलू हिंसा से प्रताड़ित होकर पुलिस को बुलाया। लेकिन महिला ने जिस पुलिस को उसे बचाने के लिए बुलाया था, उसी पुलिस ने महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। महिला के परिजनों ने पुलिस पर हत्या के आरोप लगाए हैं और घटना की जांच की मांग की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जब पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो घर का दरवाजा बंद था और घर के भीतर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रहीं थी। पुलिसकर्मी दरवाजा तोड़कर घर में घुसे तो उन्होंने देखा कि कॉल करने वाली महिला नियानी अपने हाथों में चाकू पकड़े हुए थी। पुलिस ने बताया कि महिला ने पुलिसकर्मियों को बताया कि उसके प्रेमी ने उसकी नौ साल की बेटी को धक्का दिया है और वह उसे नहीं छोड़ेगी।
इसके बाद नियानी घर के अंदर गई और उसकी और उसके प्रेमी का झगड़ा शुरू हो गया। पुलिस का कहना है कि झगड़े के चलते ऐसे हालात बने कि पुलिसकर्मियों ने गोली चला दी, जिससे महिला को गोली लगी और बच्ची के सामने ही नियानी की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि वह घटना की जांच कर रहे हैं।
वहीं नियानी के परिवार का आरोप है कि ये हत्या है और घटना की जांच की जानी चाहिए और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हो।
गौरतलब है कि जिस पुलिसकर्मी पर गोली चलाने का आरोप है, वह टीवाई शेल्टन है और शेल्टन पर साल 2020 में भी ऐसी ही परिस्थितियों में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने के आरोप लगे थे।
दरअसल पुलिस माइकल थॉमस नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने पहुंची थी लेकिन गिरफ्तारी के दौरान पुलिस का कहना है कि थॉमस ने पुलिसकर्मियों की बंदूक छीनने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने गोली चला दी और थॉमस की मौत हो गई। घटना पर हुई जाँच के अनुसार कार्यवाही की जाएगी।

