न्यूज़लिंक हिंदी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में टनल में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला जाना शुरू हो गया है। रेस्क्यू टीमों ने रैट होल माइनिंग और सुरंग के ऊपर से वर्टिकल ड्रिलिंग की, मजदूरों को एक पाइप के जरिए निकालने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बाहर निकल चुके मजदूरों का हेल्थ चेकअप जारी है।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में टनल में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला जाना शुरू हो गया है। सुरंग में खुदाई पूरी हो गई है। 800 मिमी व्यास का पाइप भी डाला जा चुका है। एनडीआरएफ की टीम पाइप के जरिए मजदूरों तक पहुंची, फिर उन्हें बाहर निकालने का काम शुरू किया गया।
मजदूरों को एंबुलेंस में बैठाकर अस्पताल भेजने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। वहीं सुरंग के अंदर मजदूरों के परिजनों को भेजा गया है। वो सर्दी के हिसाब से कपड़े लेकर वहां गए हैं।
इस बीच प्रधानमंत्री मोदी इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पीएम इस वक्त कैबिनेट की मीटिंग में हैं, लेकिन वो लगातार इस विषय पर अपडेट ले रहे हैं। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट कर लिखा, 17 दिन की कड़ी मशक्कत के बाद उत्तराखंड की सिल्कयारा सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को निकाला जा रहा है। पूरा देश श्रमिकों के उल्लेखनीय लचीलेपन और धैर्य को सलाम करता है. देश पूरी रेस्क्यू टीम के समर्पण, कौशल और दृढ़ता की भी सराहना करता है और उन्हें तहे दिल से धन्यवाद देता है।

