न्यूज़लिंक हिंदी, वाराणसी। शहर के अंदर आने वाली करीब छह सड़कों के चौड़ीकरण में बाधा पहुंचा रहे भवनों के साथ ही जिला प्रशासन ने कल यानी बुधवार को मंदिर और मस्जिद को भारी वाद -विवाद के बीच तोड़ने की कार्रवाई की। बता दे कि लोक निर्माण विभाग की देखरेख में कार्यदायी संस्था ने काम शुरू कर दिया।
वहीं इन सभी भवनों के साथ मंदिर और मस्जिद प्रबंधन संग दो महीने में कई बार बैठक हुई। वे समय मांगते रहे। इसके चलते परियोजना समय पर पूरी नहीं हो पा रही थी। जिलाधिकारी एस राजलिंगम के निर्देश पर राजस्व टीम संग पुलिस और लोक निर्माण विभाग की टीम बुलडोजर से चिह्नित अवैध निर्माण को गिराना शुरू कर दी।
अब्बास मस्जिद और ग्वाल मंदिर हुआ ध्वस्त
बीते कल यानी बुधवार को प्रशासनिक अमला रामनगर थाने के पास स्थित हैदर अब्बास मस्जिद और ग्वाल मंदिर को ध्वस्त करने पहुंचा। वहीं मस्जिद तोड़े जाने का कुछ लोग विरोध भी करने लगे। उन सबका का कहना था कि मस्जिद खाली करने के लिए कुछ समय दिया जाए। वे लोग खुद तोड़ने की बात करने के अलावा मस्जिद के पीछे खाली पड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की जमीन मस्जिद को देने की मांग करने लगे।
वहीं , मौके पर मौजूद एसडीएम सदर सार्थक अग्रवाल और एसीपी कोतवाली अमित पांडेय व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना था कि पांच महीने से समय दिया जा रहा है लेकिन आप लोग प्रशासन की बातों को गंभीरता से न लेकर बहानेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने मस्जिद से सामान हटाने के लिए डेढ़ घंटे का मोहलत दी। जिसके बाद मंदिर और मस्जिद से मूर्ति और सामान हटाए जाने के बाद एक साथ दो बुलडोजरों से मस्जिद और ग्वाल मंदिर के हिस्सों को ढहा दिया।
मस्जिदों का ध्वस्तीकरण रोका गया
बता दे कि दूसरी तरफ साहित्यनाका इलाके में भी मस्जिद को लेकर गतिरोध उत्पन्न हो गया। यहां भी लोग मस्जिद के बदले जगह देने की मांग कर रहे थे। दूसरी तरफ शीतला माता मंदिर तोड़े जाने का भी बड़ी संख्या में जुटे लोग यह कर के विरोध करने लगे कि पहले मंदिर के लिए जगह दी जाए। हालांकि घंटों चली पंचायत के बाद तय हुआ कि मंदिर को उसी जगह से थोड़ा पीछे हट कर खाली पड़ी जमीन पर स्थापित किया जाएगा। लेकिन मस्जिद के लिए जगह का मामला हल न हो पाने की वजह से फिलहाल अन्य मस्जिदों का ध्वस्तीकरण रोक दिया गया।
ये भी पढ़ें :Ajmer: ख्वाजा की दरगाह पर हिंदू मंदिर होने का फिर दावा, ज्ञानवापी की तरह होगा ASI सर्वे?
