न्यूज़लिंक हिंदी, वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित काशी दौरे के तैयारियों का जायजा लेने और विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा के लिए आज यानी मंगलवार की शाम शहर पहुंचेंगे। करीब 16 घंटे के काशी प्रवास के दौरान दर्शन-पूजन, बैठक और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद बुधवार की सुबह सीएम लखनऊ रवाना हो जाएंगे।
परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे
सीएम योगी का राजकीय विमान मंगलवार की शाम लगभग चार बजे बीएचयू हेलिपैड पर उतरेगा। वहां से वह सड़क मार्ग से सीरगोवर्धनपुर स्थित संत रविदास की जन्मस्थली जाएंगे और विकास कार्यों का जायजा लेंगे। बता दे कि इसके बाद वह बीएचयू जाएंगे और वहां से राजकीय विमान से पुलिस लाइन जाएंगे। सर्किट हाउस में वह प्रधानमंत्री के हाथों लोकार्पित और शिलान्यास की जाने वाली परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे।
सीएम कालभैरव मंदिर और विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करेंगे। वहीं रात नौ से 10 बजे के बीच सीएम सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम और रोप-वे प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद बुधवार की सुबह मुख्यमंत्री करखियांव में अमूल डेयरी प्लांट और भेल इंडिया की जमीन पर प्रस्तावित निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह लखनऊ रवाना हो जाएंगे।
ये भी पढ़ें : UP News: अखिलेश यादव केदारनाथ की तर्ज पर बनवा रहे केदारेश्वर मंदिर, पढ़ें पूरी खबर

