न्यूज़लिंक हिंदी। लोकसभा चुनाव की वाराणसी संसदीय सीट के लिए सात से 14 मई के बीच नामांकन शुरू होगा। उम्मीदवार कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन करेंगे। इसकी तैयारियां अब शुरू हो गई है। वीवीआईपी सीट होने की वजह से नामांकन स्थल पर सुरक्षा के खास इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नामांकन के मद्देनजर ही तैयारियां खास और सुरक्षा पुख्ता की जा रही हैं।
जिलाधिकारी कार्यालय के मुख्य गेट से प्रवेश करते ही सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यालय के पास एक अतिरिक्त लोहे का मजबूत गेट भी लगाया गया है। इस गेट के पहले सेंसर युक्त वैरियर भी लगाया गया है। पूरे परिसर को रंग रोगन किया जा रहा है। दीवारों पर गंगा घाट की चित्रकारी उकेरी जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से सीसी कैमरे भी पूर्ण रूप से लगाए जा रहे हैं। इंटरलॉकिंग बदली जा रही है।
एडीएम प्रशासन कक्ष में वीवीआईपी के लिए कुर्सियां भी लगाई जा रही हैं। वाराणसी लोकसीट से भाजपा प्रत्याशी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इंडी गठबंधन से कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय और बसपा प्रत्याशी नेयाज अली मंजू भी चुनाव लड़ रहे हैं।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी दयाशंकर उपाध्याय ने बताया कि 7 से 14 मई तक नामांकन शुरू होगा। 15 मई को नामांकन पत्रों की जांच पुर रूप से होगी। 1 नामांकन फॉर्म कलेक्ट्रेट सभागार से ही मिलेगा। 25 हजार रुपये सामान्य और ओबीसी के लिए सिक्योरिटी मनी निर्धारित भी की गई है।

