न्यूज़लिंक हिंदी। बम्बल डेटिंग ऐप के जरिए युवाओं से दोस्ती कर उन्हें शराब में नशीला पदार्थ देकर लूटपाट करने वाली जालसाज हसीना को गुडग़ांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल उसके दो साथियों को भी काबू कर जेल भेज दिया है। वहीं महिला को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़े : Mathura News: 15 नवंबर तक परेशान कर सकता है ‘डेंगू का डंक’, जिला अस्पताल में तैनात किये गये नोडल अधिकारी
एसीपी ईस्ट डॉ कविता के मुताबिक, 10 अक्तूूबर को सेक्टर-29 डीएलएफ थाना पुलिस को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि साक्षी उर्फ पायल नामक युवती ने उससे डेटिंग ऐप बम्बल के जरिए दोस्ती की थी। यह युवती उससे मिलने के लिए गुडग़ांव आई थी जहां वह उसे अपने घर ले गया। युवती ने शराब पीने के दौरान उससे बर्फ लाने के लिए कहा था। जब वह बर्फ लेने रसोई में गया तो उसने शराब में नशीला पदार्थ मिला दिया। जिसके बाद वह बेहोश हो गया। दो दिन बाद जब उसे होश आया तो उसने पाया कि उसके पास मौजूद नकदी, सोने की चेन, एटीएम कार्ड सहित मोबाइल व अन्य सामान गायब है। इस पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी महिला को काबू कर लिया जिसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह दो महीने में 10 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दे चुकी है। पूरी वारदात की मास्टरमाइंड यही है और इसके दो साथी विशाल और सुशील इसका सहयोग करते हैं जिन्हें भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ये भी पढ़े : Kanpur BJP: भाजपा कार्यालय पहुंचे मुस्लिम, कहा-हमें भी जोड़ लो, अनुसूचित सम्मेलन में आएंगे प्रदेश अध्यक्ष
आरीपी ने यूनाइटेड किंग्डम से की है एमबीए
एसीपी डॉ. कविता ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी युवती ने यूनाइटेड किंग्डम से एमबीए की हुई है। वह दिल्ली-एनसीआर खास तौर पर गुरुग्राम में रहने वाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर वारदातों को अंजाम देती थी। पूछताछ के बाद सामने आया कि उसने दिल्ली के लक्ष्मी नगर और सेक्टर-50 में भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। इसके अलावा कुछ अन्य वारदातों के बारे में उससे पूछताछ की जा रही है। उसने बताया कि इन दो महीने में वह करीब 30 लाख रुपये की लूट कर चुकी है। फिलहाल पुलिस ने इसके दोनों साथियों को जेल भेज दिया है जबकि आरोपी महिला को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान और भी जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

