Kanpur: स्ट्रीट लाइट ठीक करने पोल पर चढ़ी महिला पार्षद, 10 दिन से अधिकारियों के लगा रही थी चक्कर, 10 लाइटों को कर दिया ठीक

महिला पार्षद की मानें तो वार्ड में 200 से ज्यादा लाइटें बंद हो गई है। जिसकी वजह से अंधेरा हो गया है।

0
382

न्यूजलिंक हिंदी। शहर में मार्गप्रकाश व्यवस्था चौपट हो गई है। मुख्य सड़कों के साथ ही वार्डों में अंधेरा छा गया है। नगर निगम की ओर से समस्या पर सुनवाई न किए जाने पर अब वार्डों में पार्षद विरोध करने में उतर आए हैं। गुरुवार को वार्ड 14 बंबूरहिया की महिला पार्षद ने खराब लाइटों के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय पार्षद लाइटों को ठीक करने सीढ़ी लगाकर खंबे पर चढ़ गई, और विरोध जताया। पार्षद ने कहा कि यदि क्षेत्र की लाइटों को ठीक नहीं किया गया तो नगर निगम में विरोध प्रदर्शन करेंगे।

ईईएसएल कंपनी द्वारा नगर निगम से करार तोड़ने के बाद मार्गप्रकाश विभाग अकेला पड़ गया है। शिकायतों का निस्तारण न होने की वजह से जनता परेशान है। महिला पार्षद शालू कनौजिया ने बताया कि उनके वार्ड में 200 से ज्यादा लाइटें बंद पड़ी हुई हैं, इन्हें ठीक कराने के लिए उन्होंने नगर निगम के मार्ग प्रकाश विभाग में कई शिकायतें की हैं, लेकिन अफसर सुनने को तैयार नहीं हैं।

समस्या को अनसुना करने की वजह से खुद ही अपने वार्ड की लाइटें सही करने का निर्णय लिया। महिला पार्षद का कहना है कि बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट्स की वजह से रात के अंधेरे में हमेशा दुघर्टना का भय बना रहता है। बच्चे परेशान हो रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने सीढ़ी मंगाई और खुद बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट्स को ठीक करने में जुट गईं। महिला पार्षद को बिजली के पोल पर चढ़ा देखकर यहां पर राहगीरों और क्षेत्रीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। उन्होंने कहा कि अगर नगर निगम अधिकारी नहीं सुनेंगे तो वह खुद अपने वार्ड की सारी बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट्स को ठीक करेंगी। शालू ने इस दौरान दावा किया कि उन्होंने पहले दिन बंद पड़ी 10 स्ट्रीट लाइट्स को ठीक किया है।

हंगामें के बाद पहुंचे नगर निगम कर्मी
सीढ़ी लगाकर खंभे पर चढ़ी महिला पार्षद की सूचना पर नगर निगम मार्गप्रकाश में कार्यरत कर्मचारी स्ट्रीट लाइट ठीक करने पहुंचे। वहीं, मार्गप्रकाश मुख्य अभियंता आरके पाल ने बताया कि वार्डों में समस्या ठीक कराई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here