न्यूज़लिंक हिंदी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को मंगलवार को गुवाहाटी में प्रवेश करने से रोक दिया गया। यात्रा को रोके जाने के बाद कांग्रेस के कार्यकर्ता उग्र हो गए और उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए वहां लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी भी की। कांग्रेस समर्थकों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बवाल होने के बाद गुवाहाटी में ट्रैफिक जाम का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने का आदेश दिया है।
प्रशासन का कहना है कि शहर में यात्रा की इजाजत नहीं है, जबकि राहुल गांधी की यात्रा शहर के अंदर की तरफ बढ़ रही थी। यही वजह थी कि बाद में पुलिस ने बैरिकेड्स लगा दिए और इसी को लेकर राहुल गांधी की बस के साथ चल रहे कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश देते हुए कहा है कि राहुल गांधी ने भीड़ को उकसाया है इसलिए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करें।
राहुल गांधी ने कहा – छात्रों से बातचीत से रोका जा रहा
गुवाहाटी में राहुल गांधी का छात्रों से संवाद होना है। कांग्रेस नेता गांधी ने कहा है कि उन्हें छात्रों से बात करने से रोका जा रहा है। हमने अवरोधक तोड़े हैं लेकिन हम कानून नहीं तोड़ेंगे। प्रशासन का कहना है कि राहुल गांधी की यात्रा को गुवाहाटी शहर के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है। उन्हें शहर के बाहरी इलाके से गुजरने को कहा गया है। झड़प के बाद अतिरिक्त संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है। हंगामे के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा सुबह करीब 10 बजे क्वींस होटल से शुरू होकर आगे बढ़ी है। राहुल गांधी का गुवहाटी में एक सार्वजनिक संबोधन भी होना है। मंगलवार को यात्रा का दसवां दिन है जो असम के बिष्णुपुर में पूरा होगा।
ये भी पढ़े: Bihar News: बिहार के CM नीतीश कुमार राज्यपाल से मिलने पहुंचे, सियासी अटकलें हुईं तेज
‘हम यहां सबसे भ्रष्ट CM हिमंता से लड़ने आए हैं’
राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं जानता हूं कि अधिकारियों को अपना कर्तव्य निभाने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन न्याय होना चाहिए। हम यहां आपसे लड़ने नहीं आए, हम आपसे प्यार करते हैं। हम यहां असम के सबसे भ्रष्ट सीएम हिमंता से लड़ने के लिए आए हैं।’ इससे पहले खानापारा में गुवाहाटी चौक पर भारी भीड़ जमा हो गई और ढोल-नगाड़ों के साथ राहुल गांधी का स्वागत किया गया। असम कांग्रेस के प्रभारी जितेंद्र सिंह ने कहा, ‘बैरिकेड्स तोड़कर हमने जीत हासिल की है।’ सोमवार को मेघालय में प्रवेश करने के बाद इस हिस्से में यात्रा अपने अंतिम चरण के लिए असम लौटी, जो राज्य के सबसे बड़े शहर गुवाहाटी के बाहरी इलाके से होकर गुजरनी है। असम में यात्रा बृहस्पतिवार तक रहेगी।
‘हम आपके नेता के खिलाफ FIR दर्ज करवा रहे हैं’
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने यूथ कांग्रेस के प्रेसिडेंड बीवी श्रीनिवास के एक ट्वीट के जवाब में लिखा,’ये असमिया संस्कृति का हिस्सा नहीं हैं। हम एक शांतिपूर्ण राज्य हैं। ऐसी ‘नक्सली रणनीति’ हमारी संस्कृति से पूरी तरह अलग है। मैंने असम के DGP निर्देश दिया है कि वह आपके नेता राहुल गांधी के खिलाफ भीड़ को उकसाने के लिए केस दर्ज करें। सबूत के तौर पर आपने फुटेज अपने हैंडल पर डाल ही दी है। आपके द्वारा मचाई गई अफरातफरी और दिशानिर्देशों के उल्लंघन के चलते अब गुवाहाटी में बड़े पैमाने पर ट्रैफिक जाम हो गया है।’

