न्यूज़लिंक हिंदी। बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दाब का क्षेत्र बन रहा है, जो अगले दो दिनों में चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि 4 दिसंबर की शाम तक यह चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश में माचिलीपत्तनम और चेन्नई के तट से टकरा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब का जो क्षेत्र बन रहा है, उसका केंद्र चेन्नई के समुद्र तट से 800 किलोमीटर, माचिलीपत्तनम से 970 किलोमीटर, आंध्र प्रदेश के ही बापातला से 990 किलोमीटर और पुडुचेरी के तट से 790 किलोमीटर दूर समुद्र में स्थित है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह चक्रवाती तूफान पश्चिम और उत्तर पश्चिम की तरफ बढ़ रहा है और 2-3 दिसंबर तक इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। चक्रवाती तूफान का ओडिशा में कोई प्रभाव नहीं होगा। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान के असर से ओडिशा में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बिजली कड़कड़ाने की घटनाएं हो सकती हैं।
इनमें मलकानगिरी, कोरापुट, नाबारंगपुर, रायगढ़, कालाहांडी, कंधमाल आदि इलाके शामिल हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और रायलसीमा इलाके में भारी बारिश हो सकती है।
तूफानी गतिविधि को देखते हुए, सभी को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
1 दिसंबर को यहां 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज तूफानी हवाओं के और तेज होकर 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। दो दिसंबर को 60 से 70 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।
पहली दिसंबर को निकटवर्ती मध्य बंगाल की खाड़ी में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार में तब्दील होने तथा दो दिसंबर को 50 से 60 किमी प्रति घंटे से लेकर 70 किमी प्रति घंटे तक की तेज तूफानी हवाएं चलने के आसार हैं।
दो दिसंबर को दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी में मछुआरों को मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए जाने से बचने को कहा गया है। भारत के पूर्वी तट के मछुआरों को पहली दिसंबर तक तट पर लौटने को कहा गया है।
ये भी पढ़ें : Lucknow: 2 पत्नियां, 4 बच्चे और 6 गर्लफ्रेंड, सबके खर्चे उठाने के लिए सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर से बना अपराधी
वहीं मौसम विभाग ने बताया है कि, वह तूफानी गतिविधि की लगातार निगरानी कर रहा है और इससे संबंधित अपडेट समय-समय पर जारी किया जाएगा।

