न्यूज़लिंक हिंदी। उत्तर भारत के कई राज्यों के साथ अब उत्तर प्रदेश में भी सर्दी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरु कर दिया है। हर दिन यहां के अलग-अलग जिलों के तापमान में गिरावट देखी जा रही है। सर्द मौसम के मिजाज ने हर जगह लोगों को कंपकंपी दिला दी है। तापमान में रोजाना गिरावट हो रही है। पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है तो मैदानी राज्यों में शीतलहरी का प्रकोप जारी है, जिसके चलते ठंड हाड़ कंपा रही है।

सर्दी का मौसम शुरू होते ही उत्तर के कई इलाकों में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। ठंड के साथ ही भीषण कोहरा भी पड़ रहा है। रात को भी कोहरे के चलते विजिबिलिटी काफी कम रहती है। वाहनों का सड़क पर चलना बहुत ही मुश्किल हो गया है। कई पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी हो रही है। वहीं दूसरी ओर, मौसम विभाग ने सर्दी को लेकर नया अलर्ट जारी किया है।
ये भी पढ़े: Parliament: संसद हमले के मास्टरमाइंड के साथ TMC विधायक की फोटो वायरल, भाजपा ने लगाए गंभीर आरोप
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अधिकतर जिलों के न्यूनतम व अधिकतम तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल सकती है. साथ ही मध्यम स्तर का कोहरा भी देखा जा सकता है। तापमान में गिरावट के पीछे की मुख्य वजह पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी बताई जा रही है, जिसके कारण मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ी है। साथ ही उत्तर भारत में पछुआ हवाएं भी चल रही है।
दिल्ली में गिरा तापमान
मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए कहा कि पंजाब के कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल रहा है। वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय और त्रिपुरा के अलग अलग इलाकों में हल्का कोहरा देखने को मिला। वहीं दिल्ली एनसीआर में ठंड दस्तक दे चुकी है। कई इलाकों में धुंध की चादर दिखनी शुरू हो गई है। शुक्रवार की सुबह दिल्ली में प्रदूषण का स्तर थोड़ा कम हुआ है। दिल्ली के सफदरजंग इलाके में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। जो दिल्ली में इस सीजन का सबसे कम है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की तुलना में दिल्ली आज ठंडी रही। शुक्रवार सुबह सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जहां शिमला में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि दिल्ली में बीते दिन अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री था। उम्मीद है कि ये 24 डिग्री तक रहेगा। जबकि शिमला का अधिकतम तापमान 15 डिग्री तक रहने की उम्मीद है।
पहाड़ों में ठंड को लेकर अलर्ट
उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक पर्वतीय जिलों में ठंड रहने की संभावना जताई है। 14 और 15 दिसंबर को पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं पाला गिरने की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान सुबह और रात में ठंड ज्यादा रहेगी।
ये भी पढ़े: संसद की सुरक्षा में सेंध का मास्टरमाइंड ललित झा कौन है? घटना के बाद से था फरार
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश भर में 18 दिसंबर तक मौसम शुष्क तो रहेगा, लेकिन शीतलहर के चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक सुबह-शाम के समय ठंड सताएगी। इसके अलावा दोनों समय के तापमान में गिरावट भी देखने को मिलेगी। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की ऊंची चोिटयों पर लगातार बर्फबारी से बृहस्पतिवार को भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। दिन में धूप खिलने से हल्की राहत रही, लेकिन सुबह और शाम की गलन भरी ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा।
बरेली में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से हुआ कम
बरेली में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल रही है गुरुवार को यहां पर न्यूनतम तापमान सबसे कम 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा नजीबाबाद में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री, मुजफ्फरनगर में 8.4 डिग्री, मेरठ में 8.1 डिग्री, चुर्क में 9.0 डिग्री और राजधानी लखनऊ में 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आने वाले कुछ दिनों में इन जगहों के तापमान में और अधिक गिरावट देखी जा सकती है।

