न्यूज़लिंक हिंदी। अमेरिका में भारतीय अधिकारी पर खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के आरोप लगाए जाने के बाद पीएम मोदी ने पहली बार अपना बयान दिया है। पीएम मोदी ने साफ कहा है कि अगर भारतीय साजिश के बारे में कोई भी सबूत दिया जाता है तो वह इस पर निश्चित रूप से ‘विचार’ करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ‘कुछ घटनाएं’ भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती को पटरी से नहीं उतार सकती हैं।
ब्रिटिश अखबार फाइनेंशियल टाइम्स को दिए इंटरव्यू में पीएम मोदी ने साफ कहा कि अगर हमारे किसी नागरिक ने कुछ भी अच्छा या बुरा किया है तो हम उस पर विचार करने के लिए तैयार हैं। हमारी प्रतिबद्धता कानून के शासन के प्रति है। पीएम मोदी ने इसी दौरान विदेशों में मौजूद कुछ अतिवादी गुटों की गतिविधियों पर गंभीर चिंता जताई।
अमेरिका के आरोपों का पीएम मोदी ने दिया जवाब
अमेरिका के इन्हीं आरोपों पर पीएम मोदी ने फाइनेंशियल टाइम्स से बात की। उन्होंने कहा कि अगर हमारे किसी नागरिक ने कुछ अच्छा या बुरा किया है तो हम इस मामले में जांच के लिए तैयार हैं। कानून के राज की तरफ हमारी पूरी प्रतिबद्धता है। प्रधानमंत्री ने इसके साथ ही खालिस्तानी आतंक का मुद्दा उठाते हुए कहा, “विदेश में जिस तरह कुछ कट्टरपंथी संगठन गतिवधियां कर रहे हैं, उसे लेकर मैं चिंतित हूं। इस तरह के तत्व अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर लोगों को डराने और हिंसा भड़काने में शामिल रहते हैं।”
भारत-अमेरिका के रिश्तों पर नहीं पड़ेगा कोई असर: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुसार इन आरोपों का भारत-अमेरिका के संबंध पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने कहा, ‘इस रिश्ते को मजबूत करने के लिए मजबूत द्विदलीय समर्थन मौजूद है, जो एक स्थिर साझेदारी का स्पष्ट संकेत है। कुछ घटनाओं को दोनों देशों के राजनयिक संबंधों से जोड़ना मुझे अच्छा नहीं लगता है।’
मैनहट्टन की एक संघीय अदालत में अमेरिकी न्याय विभाग ने दायर अभियोग में भारतीय अधिकारी के खिलाफ आरोपों का उल्लेख किया था। अभियोग के अनुसार, भारतीय अधिकारी 50 वर्षीय भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता के साथ काम कर रहे थे, जिसे चेक गणराज्य के अधिकारियों ने इसी साल 30 जून को गिरफ्तार किया था। उन पर पन्नूं की हत्या के लिए हत्यारे को पैसे देने का आरोप लगाया गया है।

