न्यूजलिंक हिंदी। भारत की रेसलर विनेश फोगाट अचानक पेरिस ओलिंपिक से बाहर हो गई हैं। मंगलवार को देश को खुशी के क्षण देने वाली विनेश फोगाट का बुधवार सुबह वजन उनकी तय कैटेगरी 50 किलोग्राम से 100 ग्राम ज्यादा निकला। जिसके बाद ओलिंपिक एसोसिएशन ने उन्हें फ्रीस्टाइल महिला कुश्ती के लिए अयोग्य घोषित कर दिया। भारतीय ओलिंपिक संघ ने जब इसकी पुष्टि की तो जहां भारतीय प्रशंसकों में दुख के बादल मंडराने लगे तो वहीं विनेश की तबियत भी खराब हो गई।

मैडल का टूटा सपना, टूटा देश का ख्वाब
विनेश फोगाट को इस फैसले के बाद अब उन्हें कोई मेडल भी नहीं मिलेगा। ओलिंपिक से बाहर किए जाने के बाद विनेश फोगाट की तबीयत बिगड़ गई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष पीटी ऊषा से कहा है कि वे रेसलर की मदद के तरीके तलाशें और इसका विरोध दर्ज करायें। इसके तुरंत बाद पीटी ऊषा ने पेरिस के अस्पताल में भर्ती विनेश फोगाट से मुलाकात की।
क्यूबा की गुजमान लोपेजी खेलेंगी फाइनल
बुधवार रात होने वाला 50 किलोग्राम कैटेगरी की विमेंस रेसलिंग का फाइनल फोगाट नहीं खेल सकेंगी उन्हें बुधवार रात करीब 10 बजे गोल्ड मेडल के लिए अमेरिकी रेसलर सारा एन हिल्डरब्रांट से मुकाबला करना था। ओलिंपिक नियमों के मुताबिक अब विनेश की जगह सेमीफाइनल में उनसे हार चुकीं क्यूबा की गुजमान लोपेजी ही फाइनल खेलेंगी।
इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन ने कहा कि यह निराशाजनक है कि विनेश फोगाट को ज्यादा वजन के कारण महिला कुश्ती के 50 किलोग्राम कैटेगरी में अयोग्य घोषित कर दिया गया। रातभर की कोशिशों के बावजूद सुबह उनका वजन 50 किलोग्राम से कुछ ग्राम अधिक पाया गया। हम विनेश की निजता का सम्मान करने का अनुरोध करते हैं। भारतीय दल आगे इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेगा। हम आने वाली प्रतियोगिताओं पर फोकस करना चाहेंगे।


इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन