धर्मों पर अपमानजनक टिप्‍पणी को लेकर योगी आदित्‍यनाथ हुए सख्त, उन्होने कहा कि विरोध के नाम पर अराजकता बर्दाश्‍त नहीं

0
186

न्यूज़लिंक हिंदी। गाजियाबाद में हुए विवाद के चलते डासना देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद गिरि के विवादित बयान के बाद मंदिर के बाहर भीड़ ने जमकर हंगामा किया था।

इस मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को मुख्य रूप से अरेस्‍ट कर लिया है। इस बीच, मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने बड़ा बयान दिया है। उन्‍होंने कहा कि किसी भी जाति, मत-मजहब अथवा संप्रदाय से जुड़े हुए ईष्ट देवी-देवता, महापुरुषों अथवा साधु-संतों के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी अस्वीकार्य है, लेकिन विरोध के नाम पर अराजकता भी बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने सोमवार को त्योहारों को देखते हुए मुख्य सचिव, डीजीपी, अपर मुख्य सचिव गृह, एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक भी की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हर मत, संप्रदाय की आस्था का सम्मान होना चाहिए। महापुरुषों के प्रति प्रत्येक नागरिक के मन में कृतज्ञता का भाव होना चाहिए, लेकिन इसके लिए बाध्य नहीं किया सकता और जबरन किसी पर थोपा भी नहीं जा सकता।

योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अगर आस्था के साथ खिलवाड़ करेगा, महापुरुषों, देवी-देवता, संप्रदाय आदि की आस्था के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करेगा, तो उसे कानून के दायरे में लाकर कठोरता पूर्वक सजा दिलवाई जाएगी। लेकिन सभी मत, मजहब, सम्प्रदाय के लोगों को एक-दूसरे का सम्मान करना होगा। विरोध के नाम पर अराजकता, तोड़-फोड़ अथवा आगजनी स्वीकार नहीं है, जो कोई ऐसा दुस्साहस करेगा, उसे उसकी कीमत चुकानी होगी।

मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास, शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हो, यह प्रत्येक जनपद-प्रत्येक थाना को मुख्य रूप से सुनिश्चित करना होगा। माहौल खराब करने वालों को चिह्नित कर कठोर कार्रवाई करें। कानून के विरुद्ध कार्य करने वालों के साथ सख्ती से निपटें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here