न्यूज़लिंक हिंदी। योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार मंगलवार शाम पांच बजे राजभवन में होगा। योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल में मंत्रिमंडल का यह पहला विस्तार होगा। सूत्रों के मुताबिक आज शाम 5 बजे ओमप्रकाश राजभर, दारा सिंह चौहान कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। वहीं रालोद के खेमे से एक दो मंत्री बनाए जा सकते हैं। बीजेपी के खेमे से एक- दो और मंत्री हो सकते हैं।
पिछले वर्ष जुलाई में सुभासपा के दोबारा एनडीए में शामिल होने और योगी सरकार के पहले कार्यकाल में वन मंत्री रहे दारा सिंह चौहान के सपा छोड़ भाजपा में वापसी करने के बाद से ही मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं।
दरअसल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और भाजपा में कुछ समय पहले वापसी करने वाले दारा सिंह चौहान के मंत्रिमंडल में शामिल होने की अटकलें काफी समय से लगायी जा रही हैं। इसके अलावा हाल ही इंडिया समूह से अलग हुये राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के भी एक विधायक को मंत्रिमंडल में जगह मिलने के कयास लगाये जा रहे हैं।
ये भी पढ़े : गुस्साए चाचा बोले-सरकार से जो बयाना ले, उसे जेल में ठूंस देगी, भाजपा पार्टी वाशिंग मशीन है…
सूत्रों के अनुसार योगी मंत्रिमंडल का संक्षिप्त विस्तार मंगलवार को होने के आसार हैं हालांकि अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है। यह राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के लखनऊ रहने पर निर्भर कर सकता है। सूत्रों ने बताया कि राजभवन के अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा गया है।

