आवार्ड ग्रहण करते यूपीएमआरसी प्रबंध निदेशक सुशील कुमार।
कानपुर। यूपीएमआरसी ने अर्बन इंफ्रा बिजनेस समिट एंड अवार्ड्स 2024 में अपनी महत्वपूर्ण उपलब्धियों के लिए दो प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किए। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार को अर्बन इंफ्रा मेट्रो मैन ऑफ द ईयर 2024 पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 16 अक्टूबर 2024 को नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में मेट्रो को यह सम्मान दिया गया।
यूपीएमआरसी को अर्बन इंफ्रा सस्टेनेबल मोबिलिटी प्रमोटर ऑफ द ईयर के प्रतिष्ठित पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया, जो ग्रीन इनिशिएटिव्स के तहत पर्यावरण के अनुकूल परिवहन साधनों को बढ़ावा देने के लिए दिया गया है। गौरतलब है कि यूपी मेट्रो एनर्जी एक्सचेंज कार्यक्रम में भाग लेने वाला राज्य का पहला संगठन है, जिसने पिछले 1.5 वर्षों में 4 करोड़ रुपये की बिजली की बचत की है।
साथ ही यूपीएमाआरसी ने 1.1 लाख वर्ग मीटर का विशाल ग्रीन कॉरिडोर का भी निर्माण किया है। इसके साथ ही, प्रबंध निदेशक को कानपुर और आगरा मेट्रो परियोजनाओं के तेजी से निर्माण कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया है। यूपीएमआरसी ने आईआईटी कानपुर से मोतीझील के बीच 9 किमी. प्राथमिक कॉरिडोर पर 28 दिसंबर 2021 को 2 साल 1.5 महीने के रिकॉर्ड समय में यात्री सेवाओं का शुभारंभ किया।
हाल ही में पहली बार मोतीझील स्टेशन के आगे नयागंज स्टेशन तक अंडरग्राउंड सेक्शन में मेट्रो ट्रेन का टेस्ट रन किया गया और जल्दी ही आगे के स्टेशनों पर इसका परिचालन आरंभ करने की योजना है। आगरा मेट्रो ने भी इस साल 11 महीने के रिकॉर्ड समय में 6 किलोमीटर लंबी अंडरग्राउंड टनल का काम पूरा करने के साथ, केवल 23 महीनों में भारत और दुनिया में सबसे तेजी से अंडरग्राउंड मेट्रो सेक्शन के निर्माण और कमीशनिंग का गौरव हासिल किया।