न्यूज़लिंक हिंदी, बॉलीवुड। सिनेमा जगत के ‘हीमैन’ कहे जाने वाले दिग्गज कलाकार धर्मेंद्र आज 88 साल के हो चुके हैं। अभिनेता के जन्मदिन के इस खास मौके पर फैंस के साथ-साथ तमाम बॉलीवुड सितारे उन्हें बधाई दे रहे हैं। वहीं उनके आवास पर हजारों की संख्या में फैंस की भीड़ जमा है, जो अभिनेता को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने और उनकी एक झलक पाने का इंतजार कर रहे हैं। अभिनेता ने अब घर के बाहर आकर अपने फैंस से मुलाकात की। इस दौरान उनके बेटे सनी देओल भी साथ नजर आए।
पिता के साथ-साथ सनी देओल भी नजर आए
जन्मदिन के अवसर पर धर्मेंद्र से मिलने तमाम फैंस अभिनेता के निवास स्थान पहुंचे। जैसे ही धर्मेंद्र बाहर आए, फैंस जमकर उन्हें हैप्पी बर्थडे कहते हुए जन्मदिन की बधाई देने लगे। फैंस अभिनेता के साथ तस्वीर खींचने के लिए उतावले हो गए। पिता के साथ-साथ सनी देओल भी नजर आए। धर्मेंद्र और सनी ने हंसते-मुस्कुराते हुए दिल खोलकर फैंस का स्वागत किया और उनसे मुलाकात की।
धर्मेंद्र ने काटा सात स्तरीय केक
धर्मेंद्र के फैंस ने अभिनेता के लिए सात स्तरीय केक का इंतजाम किया था। शानदार केक को अभिनेता की तस्वीरों से सजाया गया था। धर्मेंद्र ने फैंस के साथ मिलकर भव्य केक को काटा और फैंस के साथ जश्न मनाया।
इस दौरान धर्मेंद्र ब्राउन रंग की शर्ट और काले रंग की टोपी पहने नजर आए। वहीं सनी देओल आसमानी रंग की शर्ट के साथ काली टोपी में दिखे। फैंस के प्यार से अभिभूत होकर धर्मेंद्र और सनी ने हाथ जोड़ते हुए उनका अभिवादन किया।
ये भी पढ़ें :New Delhi: कलकत्ता हाई कोर्ट की टिप्पणी- 2 मिनट के सुख वाली यौन…. पर सुप्रीम कोर्ट ने जताई आपत्ति
वहीं दूसरी तरह अभिनेता के कई फैंस सफेद टीशर्ट पहने नजर आए, जिस पर धर्मेंद्र की तस्वीर थी। फैंस ने अभिनेता के फिल्मों की होर्डिंग लगाई और पोस्टर का दूध से अभिषेक करते नजर आए।

