पाकिस्तान की ओर से 104 भारतीयों को वीजा देने की हुई घोषणा,तीर्थयात्रा करने जाएंगे पड़ोसी देश

0
157

न्यूज़लिंक हिंदी। भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से तनाव का माहौल चल रहा है। इस बीच पाकिस्तानी उच्चायोग ने 104 भारतीयों को वीजा देने की घोषणा की है। वीजा सभी हिंदू श्रद्धालुओं को दिया गया है। भारत और पाकिस्तान के बीच एक द्विपक्षीय समझौता है, जिस कारण वह एक दूसरे के नागरिकों को तीर्थ यात्रा के लिए वीजा देते हैं।

पाकिस्तान और भारत के रिश्ते सामान्य नहीं हैं। दोनों देश एक दूसरे के नागरिकों को काफी कम वीजा देते हैं। इस बीच पाकिस्तान ने भारत के 104 लोगों को वीजा देने का ऐलान किया है। यह सभी लोग पाकिस्तान जाने वाले हिंदू श्रद्धालु हैं। भारत में पाकिस्तानी उच्चायोग ने शनिवार को घोषणा की कि उसने शदानी दरबार में शिव अवतारी सतगुरु संत शदाराम साहिब की आगामी 315वीं जयंती के समारोह में भाग लेने के इच्छुक 104 हिंदू तीर्थयात्रियों को वीजा जारी किया है।

शदानी दरबार पाकिस्तान के सिंध में हिंदू समुदाय का महत्वपूर्ण आध्यात्मिक स्थल है। 12-23 दिसंबर तक यहां जयंती समारोह है। ऐसे में बड़ी संख्या में भक्तों के यहां पहुंचने की उम्मीद है। 1974 की धार्मिक तीर्थस्थलों की यात्रा के प्रोटोकॉल के तहत दोनों देश एक दूसरे के तीर्थयात्रियों को वीजा देते हैं। पाकिस्तान से हर साल सैकड़ों हिंदू और सिख अपने धार्मिक स्थलों पर जाते हैं।

साल 1974 में भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय समझौता हुआ था। इसके तहत भारत और पाकिस्तान एक दूसरे के नागरिकों को धार्मिक स्थलों की यात्रा करने की सुविधा देते हैं। पाकिस्तान के 15 स्थानों के लिए वीजा लिया जा सकता है। वहीं भारत पांच धार्मिक स्थलों की यात्रा करने के लिए हर साल सैकड़ों पाकिस्तानियों को वीजा देता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here