न्यूजलिंक हिंदी,मथुरा। प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मवीर प्रजापति ने रविवार को मथुरा जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ऐसे करीब 200 बंदियों को कंबल वितरित किये जिससे लम्बे समय से उनके परिजन मुलाकात करने नहीं आ रहे थे। यहां आयोजित एक कार्यक्रम में मंत्री ने बंदियों को हनुमान चालीसा और सुंदर कांड की पुस्तकों का भी वितरण किया। इस मौके पर जेल गार्ड द्वारा उन्हें सलामी दी गई। मंत्री ने बंदियों से संवाद करते हुए कहा कि आप से जाने अनजाने जो अपराध हुआ है उसका पश्चाताप की कीजिये, अपनी समस्त बुराईयों को कारागार में छोड़कर हुनरबंद बन कर बाहर जाएं।
ये भी पढ़ें: मथुरा: विकसित भारत संकल्प यात्रा पहुंची ग्राम लाडपुर, ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच आमजन से रूबरू हुई सांसद हेमा
मंत्री ने इस दौरान कारागार में सबसे अधिक युवा वर्ग के होने पर व्यथित होते हुए उनको अपने आचरण में सुधार करने के लिए प्रेरित किया। मंत्री ने इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रदेश की प्रत्येक जेल में 100, 150, 250 तक बंदी ऐसे होते हैं जिनसे सालों से कोई उनका परिजन मिलने नहीं आता है। जेल की बैरक बडी बडी होती हैं और उनको जेल से जो कंबल मिलते हैं उसी में सर्दियां बिताने होती हैं। घर का कोई व्यक्ति जब उनसे मिलने नहीं आता है तो उन्हें कोई गर्म कपडा नहीं मिल पाता है।
प्रदेश में एक अभियान चला कर ऐसे कैदियों को हम कंबल और गर्म कपड़े वितरित करने का हमारा कार्यक्रम चलता है। मथुरा की जेल में ऐसे करीब 150 कैदी थे जिनसे परिवार का कोई व्यक्ति मिलने नहीं आता था। इनमें करीब 50 बुजुर्ग बंदी थे। इनके लिए हमने दो दो कंबल दिए हैं। बाकी बंदियों को एक एक कंबल दिया है। सुंदरकांड की पुस्तक का भी वितरण किया है। कैदियों को काम सिखा रहे हैं, न्यायालय के माध्यम से जब वह बाहर जाएंगे तो वह स्वरोजगार कर सकेंगे।
इसी लिए कौशल विकास से जोड़ रहे हैं। इस अवसर पर जेल अधीक्षक राजेश कुमार, चिकित्साधिकारी डा.उपेन्द्र पाल सिंह सोलंकी, डा.उप्पल सरकार, कारापाल महाप्रकार सिंह, उपकारापाल करूणेश कुमारी, श्रीमती शिवानी यादव, अनूप कुमार, फार्मासिस्ट सुभाष चंद्र द्विवेदी व अन्य कारागारा कार्मिक उपस्थित रहे।

