न्यूज़लिंक हिंदी। उत्तरी जिला पुलिस अंतर्गत वजीराबाद थाना क्षेत्र से एक चौकाने वाली घटना सामने आई है। तीन जनवरी को संदिग्ध हालत में आग लगने से एक युवक झुलस गया, दो दिन बाद उसकी मौत हो गई।
मौत से पहले दिए गए अपने बयान में युवक ने कॉलोनी की एक युवती पर जिंदा जलाने का आरोप लगाया था। बताया जा रहा है कि युवती से युवक एकतरफा प्यार करता था, जिससे युवती पूरी तरह से परेशान चल रही थी। इस पूरे मामले में पुलिस के आलाधिकारी का कहना है कि घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच की गई है। मृतक के कपड़े, मोबाइल फोन और सीसीटीवी फुटेज सहित सबूत जमा किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक तीन जनवरी की शाम 3:55 बजे वजीराबाद में एक युवक की आग से जलने की पीसीआर कॉल की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस को पता चला कि आग से झुलसे युवक को पहले ही अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अस्पताल जाने पर पता चला कि युवक 75 फीसदी तक झुलस चुका है।
घर पहुंचने पर युवती ने उसके ऊपर कुछ ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया, जिसके बाद आग लगा दी। पुलिस ने युवक के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच को शुरू कर दी। इलाज के दौरान पांच जनवरी को घायल ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया।
जानकारी के मुताबिक युवती की रिश्ते की बात फाइनल हो गई थी, जिससे युवक परेशान चल रहा था। इससे पहले भी इसने अपने हाथ की नस काट ली थी। हालांकि पुलिस इस संदर्भ में भी पूर्ण रूप से जांच कर रही है कि मृतक युवक ने युवती को फंसाने के लिए झूठा बयान तो नहीं दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तीन जनवरी की शाम किसी के चिल्लाने की आवाज आई। बाहर निकलकर देखा तो एक युवक आग से लिपटा चिल्ला रहा था। आसपास के लोगों ने तुरंत युवक के ऊपर कपड़े डालकर आग को बुझाने की कोशिश भी की। उससे पहले युवक काफी जल चुका था। इस मामले में पुलिस अनेक पहलूओं से जांच भी पूर्ण रूप से कर रही है।

