न्यूज़लिंक हिंदी। पाकिस्तान पर एक और सर्जिकल स्ट्राइक (Air Strike on Pakistan) हो गया है। इस बार ये हमला ईरान ने किया है। ईरान ने पाकिस्तान के अंदर आतंकवादी समूह जैश-ए-अदल के ठिकानों को निशाना बनाया। जैश-ए-अदल एक सुन्नी आतंकी गुट है। हमले के लिए ईरान ने ड्रोन और मिसाइल का इस्तेमाल किया था। ईरान का दावा है कि इस हमले में कई आतंकी मारे गए हैं। जबकि पाकिस्तान ने इन हमलों की निंदा करते हुए कहा कि इस हमले में दो बच्चों की मौत हुई है साथ ही साथ तीन बच्चियां घायल भी हुई हैं। हमले के बाद पाकिस्तान ने ईरान के मुख्य राजनयिक को तलब किया और हवाई क्षेत्र के उल्लंघन की निंदा की। पाक विदेश मंत्रालय ने कहा कि हमारे हवाई क्षेत्र के उल्लंघन के गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक आतंकी समूह पूर्व में पाकिस्तान के साथ सीमा क्षेत्र में ईरानी सुरक्षा बलों पर हमले कर चुका है। ईरान की ओर से हमलों को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। शुरुआती जानकारी में सिर्फ इतना बताया गया है कि मिसाइलों और ड्रोनों से हमला कर बलूच आतंकियों के दो ठिकानों को तबाह कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें :Kanpur Weather: तीन डिग्री गिरा पारा, ठंड से कांपे शहरी, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
जैश अल-अदल 2012 में स्थापित एक सुन्नी आतंकवादी समूह है जो बड़े पैमाने पर पाकिस्तान में रहते हुए सीमा पार आतंकवाद को संचालित करता है। ईरान ने सीमावर्ती इलाकों में उग्रवादियों के खिलाफ लड़ाई लड़ता चला आ रहा है, लेकिन पाकिस्तान पर मिसाइल और ड्रोन हमला ईरान के लिए अभूतपूर्व होगा। आतंकियों ने पूर्व में बमबारी और ईरानी सीमा पुलिस का अपहरण करने जैसी घटनाओं का दावा किया है।
ईरान लंबे समय से सुन्नी-बहुल पाकिस्तान पर विद्रोहियों को शरण देने को लेकर संदेह करता रहा है। ईरान को शक है कि पाक उसके क्षेत्रीय प्रतिद्वंद्वी सऊदी अरब के इशारे पर यह काम कर रहा है। हालांकि, ईरान और सऊदी अरब पिछले मार्च में चीन की मध्यस्थता से शांति समझौते के लिए तैयार हो गए थे।
पाकिस्तान में यह हमला ईरान द्वारा इराक और सीरिया में इसी तरह के हमले किए जाने के एक दिन बाद किया गया है। पाकिस्तान ने ‘‘अपनी संप्रभुता के इस उल्लंघन” की कड़ी निंदा करने के लिए ईरान के प्रभारी राजदूत को विदेश मंत्रालय में तलब किया। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने बयान जारी कर ईरान के इस कृत्य को उसके ‘‘हवाई क्षेत्र का अकारण उल्लंघन” बताया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने आतंकी समूह के ठिकानों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया।
ये भी पढ़ें :MS Dhoni के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, जानें क्या है पूरा मामला
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने उस स्थान का उल्लेख नहीं किया जहां यह हमला हुआ लेकिन ऐसा संदेह है कि ये ठिकाने बलूचिस्तान में थे। पाकिस्तान के अनुसार, इस हमले में दो बच्चों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने कहा, ‘‘पाकिस्तान अपनी संप्रभुता के उल्लंघन का कड़ा विरोध करता है। यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।”जैश अल-अदल सुन्नी आतंकवादी समूह है जो मुख्यत: पाकिस्तान से अपनी गतिविधियों को अंजाम देता है।

