न्यूज़लिंक हिंदी, कानपुर। लोकसभा चुनाव के लिए बूथों (मतदेय स्थलों) को संवारने की तैयारी शुरू हो गई है। 3614 मतदेय स्थलों में अश्योर्ड मिनीमम फैसिलिटी (एएमएफ) को नगर निगम पूरा करेगा। इसके लिए अपर नगर आयुक्त ने अपने सभी जोनल अधिकारियों और अभियंताओं को निर्देश दिये हैं कि 25 जनवरी तक मतदेय स्थलों पर नियमानुसार तैयारियों को पूरा किया जाए। इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
लोकसभा चुनाव की तिथि अब किसी भी समय जारी हो सकती है। इसकी तैयारी जिला प्रशासन ने भी शुरू कर दी है। मतदाताओं की संख्या के आधार पर मतदान के लिए बूथों का संभाजन कर लिया गया है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर नगर निगम ने मतदेय स्थलों को ठीक करना शुरू भी कर दिया है। इसमें मतदेय स्थलों पर एएमएफ यानि दिव्यांगों के लिये रैंप, पीने के पानी की सुविधा, फर्नीचर, लाइटिंश, शौचालय, रंगाई पुताई, अलग-अलग निकास द्वार, टूट-फूट आदि नगर निगम को करना है।
ये भी पढ़े : Pakistan Crime: पाकिस्तान में इमरान खान की पार्टी का झंडा लगाने पर भड़का पिता, बेटे को मार दी गोली
अपर नगर आयुक्त प्रतिपाल सिंह ने सभी जोनल अधिकारियों और जोनल अभियंताओं को निर्देश दिये हैं कि 25 जनवरी तक मतदेय स्थलों को ठीक कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि 29 और 31 जनवरी को भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारियों को लखनऊ भ्रमण प्रस्तावित है। इससे पहले ही मतदेय स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं को पूरा करना है।

