न्यूज़लिंक हिंदी। उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह के 13.37 एकड़ भूमि के स्वामित्व पर चल रहे केस के एक पक्षकार हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता को धमकी भरा पत्र मिला है। पत्र में विष्णु गुप्ता को जान से मारने की धमकी दी गई है। इतना ही नहीं धमकी देने वाले ने विष्णु गुप्ता को पत्र के साथ-साथ तीन कारतूस भी भेजे हैं। पत्र में लिखा है कि तीन कारतूस जब भेजे जा सकते हैं तो चौथा कारतूस तुम्हारे सिर में होगा।
ये भी पढ़े : हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के खिलाफ झारखंड में बंद का एलान, CM की अपील पर आज HC में होगी सुनवाई
धमकी भरा यह पत्र विष्णु गुप्ता के दिल्ली स्थित घर के पते F-6 2nd फ्लोर, मधु विहार IP एक्सटेंशन पर भेजा गया है। धमकी भरे पत्र की जानकारी देते हुए विष्णु गुप्ता ने बताया कि पत्र में लिखा है ईदगाह मस्जिद मथुरा का केस वापस ले ले! नहीं तो तुझे मार दिया जाएगा। आज मैं तुझे तीन गोलियां भेज रहा हूं, अगली गोली तेरे सिर में होगी। बाबरी तो शहीद हो गई अब और किसी मस्जिद को शहीद नहीं होने देंगे… अल्लाह-हू-अकबर
मधु विहार थाने में दर्ज हुआ मुकदमा
धमकी भरा यह पत्र लेकर विष्णु गुप्ता ने मथुरा के मधु विहार थाने पहुंचे और अज्ञात के खिलाफ लिखित शिकायत दी। पुलिस ने भी शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक साफ नहीं हो सका है कि यह धमकी भरा पत्र किसने और कहां से भेजा है। हालांकि पुलिस को आशंका है कि यह करतूत किसी स्थानीय व्यक्ति की ही है।
ये भी पढ़े : Gyanvapi Case: व्यासजी के तहखाने की तस्वीरें आईं सामने, हुआ शंखनाद, पूजा-अर्चना के बाद मंगला आरती भी हुई
पहले भी मिल चुकी है धमकी
बता दें कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि केस के पक्षकारों को लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही है। इस संबंध में पहले भी पुलिस में कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। अभी तक मथुरा पुलिस किसी आरोपी को पकड़ नहीं पायी है। सबसे पहली धमकी श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पक्षकार एडवोकेट महेंद्र प्रताप को मिली थी। इसके बाद आशुतोष पांडेय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। यह धमकी पाकिस्तान से मिली थी। वहीं अब, विष्णु गुप्ता को धमकी मिली है।

