न्यूज़लिंक हिंदी, वाराणसी। ज्ञानवापी परिसर में कोर्ट के आदेश के 24 घंटे के भीतर ही वाराणसी जिला प्रशासन ने बुधवार देर रात बैरिकेडिंग हटवाकर ज्ञानवापी मस्जिद स्थित व्यासजी तहखाने में पूजा शुरू करवा दी। बता दे कि बीती रात लगभग 1:30 बजे जिला प्रशासन ने व्यास जी का तहखाना खुलवाया। उसके बाद करीब दो बजे पहली पूजा की गई। इसके बाद गुरुवार सुबह मंगला आरती भी की गई। सुबह से ही दर्शनार्थियों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
बता दें कि व्यासजी के तहखाने में अभी आम श्रद्धालुओं का प्रवेश निषेध है। सिर्फ पुजारी को पूजापाठ के समय आने-जाने दिया जाएगा। व्यासजी के तहखाने में पूजा करने की तस्वीर सामने आई है। तस्वीर में पुलिस और प्रशानिक अधिकारी दिखाई दे रहे हैं। मामले में जिलाधिकारी ने कहा कि कोर्ट के आदेश का पालन किया जा रहा है।
कोर्ट ने दिया था यह आदेश
जिला न्यायाधीश डॉ. अजय कृष्ण विश्वेश की अदालत ने बुधवार को ही व्यास परिवार और काशी विश्वनाथ ट्रस्ट बोर्ड के पुजारी से तहखाने में स्थित मूर्तियों की पूजा व राग-भोग कराने का आदेश दिया था। जिला न्यायाधीश ने रिसीवर जिला मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया था कि वह सेटलमेंट प्लॉट नं.-9130 स्थित भवन के दक्षिण में स्थित तहखाने में पुजारी से मूर्तियों की पूजा व राग-भोग कराएं। रिसीवर को सात दिन में लोहे की बाड़ का उचित प्रबंध कराने के भी निर्देश दिए। वहीं मुकदमे की अगली सुनवाई आठ फरवरी को होगी। इस बीच, वादी व प्रतिवादी पक्ष आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं।
आज सुबह ज्ञानवापी गेट नंबर 4 पर सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद दिखाई दी। बाल शास्त्री व्यवस्था बनाए रखने के लिए यहां पर लगाए गए हैं। इसके साथ ही जो यहां के पुजारी है उनमें काफी उत्साह देखा जा रहा है, उनका कहना है कि 31 साल पहले जो काली चादर थी उसे अब हटा दिया गया है। दर्शनार्थी सबसे पहले तहखाना का दर्शन करके बाबा विश्वनाथ का दर्शनकर रहे हैं।
अनुपालन के क्रम में व्यवस्था बनाई गई है
मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने बताया कि अदालत के आदेश के पालन के क्रम में बृहस्पतिवार की सुबह से व्यासजी के तहखाने में नियमित पूजा-अर्चना विधिविधान के साथ संपादित की जाएगी। काशी विश्वनाथ धाम के अंदर ही सारे अफसर अभी भी हैं। उनका कहना है कि कोर्ट के आदेश के अनुपालन के क्रम में व्यवस्था बनाई गई है। इसीलिए देर रात विश्वनाथ धाम पहुंच गये थे पुलिस-प्रशासन के आला अफसर।
ये भी पढ़ें : US: आसमान में लहराया जय श्रीराम का बैनर, भारतवंशियों ने लगाए जय श्रीराम’ के नारे

