Kisan Andolan: किसानों का रेल रोको आंदोलन शुरू, ट्रैक पर उतरे किसान, ट्रेनों को रोका गया, अमृतसर में पुलिस मुस्तैद

अपनी मांगों को लेकर किसानों का प्रदर्शन पिछले एक महीने से लगातार जारी है। किसानों ने आज रेल रोको आंदोलन का आगाज किया है। आज दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक किसानों का रेल रोको आंदोलन जारी रहेगा।

0
363

न्यूज़लिंक हिंदी। अपनी मांगों को लेकर किसानों का प्रदर्शन पिछले एक महीने से लगातार जारी है। किसानों ने आज रेल रोको आंदोलन का आगाज किया है। आज दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक किसानों का रेल रोको आंदोलन जारी रहेगा। वहीं किसानों ने एलान किया है कि यह प्रदर्शन शांतिपूर्वक किया जाएगा। ट्रेनों को रेलवे स्‍टेशन और क्रासिंग के पास ही रोका जाएगा। किसानों का कहना है कि सरकार जानबूझकर उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है।

दरअसल, किसान संगठन के नेताओं ने कहा कि सरकार जनता को गुमराह कर रही है। केंद्र के साथ हुई बैठकों में भी हमारी मांगों के प्रति कुछ नहीं किया। उन्‍होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार कह रही है कि वह किसानों की सारी बातें मान चुकी है, जोकि सरासर झूठ है। किसानों की केंद्र के साथ हुई सभी बैठकें बेनतीजा रही हैं। वहीं चार घंटे तक चलने वाले आंदोलन के दौरान किसानों ने आम जनता से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

सिरसा में किसान नेता नजरबंद
हरियाणा के सिरसा के किसान नेता मिठू सिंह ने अपने फेसबुक के माध्यम से जानकारी दी कि उन्हें पुलिस ने नजरबंद कर दिया है। मिठू कंबोज ने वीडियो जारी कर बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा ने आज 12 से चार बजे तक पूरे देश में रेल रोकने का आह्वान किया था। डबवाली में भी हरियाणा किसान एकता डबवाली के बैनर तले रेले रोकना था। मगर पुलिस ने सुबह ही घर में नजरबंद कर दिया। उधर, सिरसा में पुलिस बल, बैरिकेडिंग, एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियों को तैनात किया गया है।

अमृतसर में पुलिस मुस्तैद
किसान संगठनों के ‘रेल रोको’ आंदोलन के मद्देनजर अमृतसर के देवीदासपुरा में भारी पुलिस की तैनाती की गई है। डीएसपी ग्रामीण इंद्रजीत सिंह ने कहा कि किसान संगठनों ने आज दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक ‘रेल रोको’ का एलान किया है। कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए यहां करीब 150 जवान ड्यूटी पर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here