न्यूज़लिंक हिंदी। इंसानियत को फिर किया शर्मशार,आगरा-कानपुर हाईवे पर झरना नाले के पास सोमवार की रात को राहगीर की मौत के बाद उसके शव को वाहन रौंदते हुए गुजरते रहे। देर रात सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन इस बीच कई वाहन बुरी तरह से शव के ऊपर से गुज़र चुके थे।
इससे शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो चुका था। पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास में पूर्ण रूप से लगी है।आगरा-कानपुर हाईवे पर झरना नाले के पास करीब 40 वर्षीय राहगीर की मौत हो गई। सड़क पर गिरने के बाद उसके शव को वहां से गुजरने वाले वाहन रौंदते रहे। हादसे की सूचना एक वाहन चालक ने थाना ट्रांस यमुना पुलिस को तुरंत दी।
इस पर रात 11.15 बजे थाना ट्रांस यमुना की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक खोजने के बाद युवक का शव बुरी तरह कुचला हुआ हाईवे पर मिला।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 40 साल की है। उसका शव पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है।
इससे शिनाख्त करना आसान नहीं है। कपड़े भी फट चुके हैं। उसके पास से ऐसी कोई चीज नहीं मिली, जिससे कि शिनाख्त हो सके। आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि राहगीर को किसी वाहन ने कुचल दिया। इसके बाद अन्य वाहन चालक भी उसे रौंदते रहे।
थाना प्रभारी ट्रांस यमुना ने बताया कि सोमवार की रात को हाईवे पर किसी हादसे में अज्ञात व्यक्ति की मौत हुई है। उसके शव को वाहन कुचलते रहे। हादसा कब और कैसे हुआ, इसकी जानकारी मुख्य रूप से की जा रही है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

