बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात ‘रेमल’ खतरनाक तूफान में तब्दील, सैकड़ों फ्लाइट और ट्रेनें हुई रद्द

0
177

न्यूज़लिंक हिंदी। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात ‘रेमल’ गंभीर चक्रवाती तूफान में अब तब्दील हो गया है। मौमस विभाग के मुताबिक, ‘रेमल’ आज आधी रात तक बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के तटों से 110-120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार टकरा सकता है।

इसके प्रभाव से तटीय जिलों में 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने तूफान के कारण पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में मुसलाधार बारिश होने की आशंका भी जताई है।  कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में भी भारी बारिश होने का भी अनुमान है।

तूफान के प्रभाव से अभी से ही कोलकाता शहर के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है। इधर, नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चक्रवात रेमल के संभावित प्रभाव से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। जिसमें विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।

चक्रवाती तूफान को देखते हुए पूर्वी और दक्षिण पूर्वी रेलवे ने एहतियात के तौर पर दक्षिण और उत्तर 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर के साथ अन्य तटीय जिलों में कई ट्रेन  भी रद्द कर दी हैं। वहीं, कोलकाता एयरपोर्ट के अधिकारियों ने तूफान के संभावित प्रभाव के कारण रविवार को दोपहर से 21 घंटे के लिए उड़ानों का संचालन निलंबित करने का फैसला लिया है।

इससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मिलाकर कुल 394 फ्लाइट्स मुख्य रूप से प्रभावित होंगी। मौसम विभाग ने उत्तर और दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में रेड अलर्ट भी जारी किया है। इन जिलों में अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका जताई है।  कोलकाता, हावड़ा और हुगली जिलों में भारी से भारी बारिश हो सकती है।

नदिया और मुर्शिदाबाद जिलों में भी 27-28 मई को भारी बारिश होने की पूर्ण संभावना है।  उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना जिलों में 100-110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की उम्मीद है, जो 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। जबकि कोलकाता, हावड़ा, हुगली और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिसकी अधिकतम रफ्तार 90 किमी प्रति घंटा भी हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here