न्यूज़लिंक हिंदी। किसान सम्मान निधि के नाम पर जनसेवा केंद्र पर जमकर धोखाधड़ी की जा रही हैं , एक मामला फर्रुखाबाद जिले का हैं। जहां केंद्र सरकार की ओर से किसानों को दी जा रही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में जनसेवा केंद्रों पर धोखाधड़ी हो रही है।
बातों में फंसाकर आधी रकम देकर किसानों को सम्मान निधि का भुगतान किया जा रहा है। केंद्र संचालक से बातचीत के वायरल ऑडियो में कृषि विभाग के जिम्मेदारों को पैसे देकर रुकी किस्तें एक साथ मंगवा देने का दावा कर रहा है।
इससे साफ है कि किसानों से ठगी में केंद्र संचालक और कृषि विभाग की मिलीभगत से गंगा की कटरी क्षेत्र के 12 गांवों के सैकड़ों किसान को अपना शिकार बना रहे हैं। मऊदरवाजा थाने के गांव बड़ी गुलरिया के एक किसान और शहर के मोहल्ला सलावत खां के जनसेवा केंद्र संचालक से बातचीत का ऑडियो बुधवार रात वायरल हुआ।
इसमें युवक गरीब, अनपढ़ किसानों को किसान सम्मान निधि के भुगतान में ठगी की बात कह रहा, तो केंद्र संचालक कई किसानों के नाम लेकर 24 हजार में 12 हजार, 10 में पांच हजार, छह में तीन हजार रुपये लेने की बात कह रहा है। 11 मिनट 52 सेकेंड के ऑडियो में केंद्र संचालक युवक कुछ भी न कर पाने की धमकी भी मुख्य रूप से दे रहा है।
उसका कहना है कि वह किसान की कृषि विभाग से सेटिंग करके एक-एक साल की रुकी सम्मान निधि इकट्ठी मंगवाते हैं। काम कराना हो, तो आधे रुपये देने होंगे। वहां ऑडियो में कहे जा रहे नामों के लोगों की जानकारी की, तो सच सामने आ गया। गांव के नन्हे ने बताया कि केंद्र संचालक ने डाकघर में खाता खुलवाने का भी एक हजार रुपये लिए थे।
18 जून को उनके खाते से 12 हजार रुपये निकाले और केवल पांच हजार दिए। उनकी पत्नी के खाते से 10 हजार रुपये निकालकर चार हजार ही रुपये दिए। मोबाइल पर रुपये का मैसेज आने पर निकली रकम की जब जानकारी हुई। वृद्ध बलवीर सिंह ने बताया कि उनके दो खाते हैं। उन्होंने केंद्र संचालक से खाते दिखवाए, तो एक खाते से छह हजार रुपये निकालकर तीन हजार दे दिए। जब उससे कहा, तो बोला कि केवल आधे रुपये ही मिलेंगे।

