न्यूज़लिंक हिंन्दी। प्रेमिका से बिना बताये शादी करने जा रहे एक युवक को महंगा पड़ गया। निकासी से पहले घर पहुंची प्रेमिका ने जमकर हंगामा काटा, और बारात नहीं उठने दी, वहीं जब देर रात तक कन्या पक्ष के दरवाजे बारात नहीं पहुंची तो दुल्हन ने दूल्हे को गिरफ्तार करा दिया।
मामला शाहजहांपुर के एक गाँव का है जहाँ वधू और उसके परिजन बरात आने का इंतजार करते रह गए उधर दूल्हे के घर उसकी प्रेमिका पहुंच गई। उसने हंगामा खड़ा कर दिया। कन्या पक्ष को हकीकत पता चली तो होश उड़ गए। फोन कर दूल्हे को बुलाया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कस्बे के एक मोहल्ला निवासी युवती की शादी मिर्जापुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से तय हुई थी। चार जुलाई को बरात आनी थी। कन्या पक्ष ने पूरी तैयारी कर ली। बरातियों के लिए खाना तैयार हो रहा था। अच्छे से मंडप सजाया गया। कन्या पक्ष के तमाम मेहमान बरातियों के स्वागत को तैयार थे। इंतजार था तो बस बरात का। फोन पर दूल्हापक्ष से जल्द बरात आने का आश्वासन मिल रहा था।
रात करीब नौ बजे तक बरात नहीं आने पर कन्या पक्ष ने दूल्हे के एक रिश्तेदार को फोन किया। उसने जो बताया उससे वधूपक्ष के होश उड़ गए। उसने बताया कि दूल्हे की प्रेमिका उसके घर आ धमकी है और हंगामा कर रही है। बरात आना मुश्किल है। सहेलियों संग अठखेलियां कर रही लड़की को पता चला ताे बेहाल हो गई। कन्या पक्ष के कुछ लोगों ने लड़की से फोन कराके जैसे-तैसे दूल्हे को बुलाया और बात की।
इसके बाद उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कन्या पक्ष का कहना है कि सब कुछ बर्बाद तो हुआ ही है इज्जत काे भी बहुत ठेस लगी है। पिता ने भावुक होकर कहा कि बिटिया को कैसे संभालेंगे। उन्होंने दूल्हे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कहा की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

